Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Lucknow News ›   UP: CM Yogi says, "The two boys have failed even before the election results."

यूपी: सीएम योगी बोले, 'सपा-कांग्रेस में शह और मात देने की राजनीति, राहुल गांधी एक नाकाम रॉकेट'

Wed, 25 Nov 2026 03:27 PM IST
Ishwar Ashish Bhartiya अमर उजाला नेटवर्क, लखनऊ
अमर उजाला नेटवर्क, लखनऊ Published by: Ishwar Ashish Bhartiya Updated Wed, 25 Nov 2026 03:27 PM IST
सार

मुख्यमंत्री योगी ने सीट शेयरिंग पर चर्चा के बीच सपा की ओर से प्रत्याशी की घोषणा पर कहा कि एक तरफ सपा-कांग्रेस के बीच सीटों को लेकर बैठकें हो रहीं, दूसरी तरफ प्रत्याशी घोषित किए जा रहे हैं। इससे बड़ा अपमान क्या होगा?

विज्ञापन
UP: CM Yogi says, "The two boys have failed even before the election results."
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। - फोटो : amar ujala

विस्तार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के गठबंधन पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पहले ये दो लड़कों की जोड़ी चुनाव परिणाम आने के बाद विफल होती थी, लेकिन इस बार चुनाव से पहले ही ये विफल हो चुके हैं। गठबंधन की राजनीति पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि एक तरफ दोनों दलों के बीच सीटों को लेकर बैठकें हो रही हैं, वहीं दूसरी तरफ प्रत्याशी घोषित किए जा रहे हैं। इससे बड़ा अपमान क्या होगा? मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि दोनों दलों के बीच एक-दूसरे को शह और मात देने की राजनीति चल रही है। देश के सबसे पुराने राजनीतिक दल कांग्रेस की ऐसी स्थिति उसकी नकारात्मक सोच का परिणाम है। जनता बार-बार इन दलों को खारिज कर रही है।

विज्ञापन


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को लखनऊ में आयोजित एक निजी न्यूज चैनल के शिखर सम्मेलन में संवाद कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की बदली तस्वीर, कानून-व्यवस्था, निवेश, रोजगार, विपक्ष की राजनीति, गठबंधन, आगामी चुनाव और अपनी राजनीतिक विचारधारा से जुड़े सवालों पर बेबाकी से जवाब दिए। 
विज्ञापन


सपा-कांग्रेस के गठबंधन पर तंज, एनडीए में कोई विवाद नहीं
समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर चल रही खींचतान पर मुख्यमंत्री ने कहा कि गठबंधन के अपने धर्म, नियम, मान्यताएं और शिष्टाचार होते हैं। लेकिन दोनों दलों के बीच जिस तरह की स्थिति दिखाई दे रही है, वह उनके आपसी तालमेल पर सवाल खड़े करती है। उन्होंने कटाक्ष किया कि इनकी स्थिति ऐसी हो गई है कि एक तरफ अपमानित हो रहे हैं और दूसरी तरफ उसी को सामान्य बताने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं, एनडीए में सीटों के बंटवारे और सहयोगी दलों के बीच कथित मतभेदों पर उन्होंने कहा कि निषाद पार्टी, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी समेत सभी सहयोगी दल एनडीए का हिस्सा हैं। सभी मिलकर चुनाव लड़ेंगे। गठबंधन में किसी तरह का विवाद नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष के लोग एनडीए की एकजुटता को लेकर भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन


राम भक्तों से समाजवादी पार्टी को माफी मांगनी चाहिए
अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे और समाजवादी पार्टी की सनातन के प्रति बदली राजनीतिक भाषा पर मुख्यमंत्री ने कहा कि दो नावों की सवारी हमेशा खतरनाक होती है। उन्होंने कहा कि अयोध्या जाना अच्छी बात है, लेकिन समाजवादी पार्टी को रामभक्तों से माफी भी मांगनी चाहिए। यदि 90 के दशक में ही यह सद्बुद्धि आ गई होती तो रामभक्तों पर गोली चलाने की नौबत नहीं आती। मुख्यमंत्री ने कहा कि माफी मांगने से कोई व्यक्ति छोटा नहीं होता। उन्होंने अपने राजनीतिक आधार को स्पष्ट करते हुए कहा कि भाजपा का वोट बैंक हर वह राष्ट्रवादी नागरिक है, जो भारत के संविधान और देश की विरासत में विश्वास करता है। भाजपा की राजनीति किसी एक जाति या वर्ग तक सीमित नहीं है। पार्टी सबका साथ, सबका विकास और सबका सम्मान के सिद्धांत पर काम करती है।

Trending Videos

2017 से पहले बीमारू था यूपी, अब देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन

प्रदेश की बदली छवि पर मुख्यमंत्री ने कहा कि एक दशक पहले उत्तर प्रदेश को बीमारू राज्य, गुंडागर्दी, अराजकता और उपद्रव से ग्रसित प्रदेश के रूप में देखा जाता था। व्यवस्था अनिर्णय की शिकार थी। गरीब कल्याण, युवाओं के रोजगार, किसानों के सम्मान और महिलाओं की सुरक्षा के मोर्चे पर गंभीर चुनौतियां थीं। व्यापारी भयभीत थे और निवेशक प्रदेश में आने से कतराते थे। मार्च 2017 में मिली जिम्मेदारी के बाद सरकार ने सबसे पहले कानून-व्यवस्था को दुरुस्त करने और व्यवस्था को पटरी पर लाने का काम किया। आज प्रदेश में लगभग 10 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने, अर्थव्यवस्था और प्रति व्यक्ति आय को लगभग तीन गुना करने तथा बजट को तीन गुना से अधिक बढ़ाने में सफलता मिली है। महिला कार्यबल की भागीदारी भी तीन गुना से अधिक बढ़ी है। मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश में देश के एक्सप्रेसवे नेटवर्क का लगभग 60 प्रतिशत हिस्सा है। सात शहरों में मेट्रो का संचालन हो रहा है। प्रदेश में 17 क्रियाशील एयरपोर्ट हैं, जिनमें पांच अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट शामिल हैं। देश का सबसे बड़ा रेल नेटवर्क, ईस्टर्न और वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर का जंक्शन और देश की पहली रैपिड रेल भी यूपी की नई पहचान हैं। वाराणसी में देश की पहली रोपवे सेवा भी जल्द शुरू होने जा रही है।

माफियाराज पर प्रहार से हथियार निर्माण तक पहुंचा यूपी
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों की संकीर्ण सोच के कारण प्रदेश में निवेश का माहौल नहीं बन पाया। उस समय कई क्षेत्रों में अवैध कट्टा और बम बनाने की गतिविधियां चलती थीं। आज उसी उत्तर प्रदेश में आधुनिक रिवॉल्वर, राइफल और ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण हो रहा है। यह कानून-व्यवस्था में सुधार और औद्योगिक विकास के बीच बने संबंध का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 36 सेक्टोरल पॉलिसीज के माध्यम से निवेशकों को अवसर दिए जा रहे हैं। करीब 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। 

एमएसएमई सेक्टर को वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ओडीओपी) के माध्यम से नई पहचान मिली है। इस क्षेत्र के जरिए करीब सवा तीन करोड़ लोगों को रोजगार मिल रहा है। विपक्ष के इस आरोप पर कि वर्तमान सरकार पिछली सरकारों की परियोजनाओं का उद्घाटन कर श्रेय ले रही है, मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि पिछली सरकारों ने काम किया था तो उन्हें उद्घाटन करने का अवसर क्यों नहीं मिला? उन्होंने नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यीडा क्षेत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछली सरकारों के दौरान अंधविश्वास, पाखण्ड और संकीर्ण सोच के कारण मुख्यमंत्री वहां जाने से बचते थे।

2017 में चार लाख होम बायर्स अपने मकानों की प्रतीक्षा कर रहे थे। सरकार ने बिल्डर-बायर्स के बीच संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का समाधान कराया। आज इसी क्षेत्र में जेवर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, सेमीकंडक्टर यूनिट, फिल्म सिटी, मेडिकल डिवाइस पार्क और डेटा सेंटर हब विकसित हो रहे हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि देश में बनने वाले मोबाइल फोन का लगभग 55 प्रतिशत और इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट का लगभग 60 प्रतिशत उत्पादन उत्तर प्रदेश में हो रहा है।

कानून-व्यवस्था पर जीरो टॉलरेंस, महिला और व्यापारी की सुरक्षा सर्वोपरि

बुलडोजर कार्रवाई और एनकाउंटर को लेकर विपक्ष के आरोपों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार कानून-व्यवस्था को मजबूत करने में सफल रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून को चुनौती देने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। महिला सुरक्षा और व्यापारियों के सम्मान को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए उन्होंने कहा कि गलत निगाह रखने वालों के सामने दो ही रास्ते हैं- जेल या जहन्नुम। कानून का पालन करने वालों का कानून सम्मान करेगा, लेकिन कानून के खिलाफ जाने वालों पर कार्रवाई होगी। कानून-व्यवस्था सुधारना एक निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है। जैसे घर की सफाई हमेशा होती रहती है, वैसे ही व्यवस्था को साफ-सुथरा रखने का काम भी लगातार चलता रहेगा।

युवाओं को 10.50 लाख सरकारी नौकरियों का लक्ष्य
रोजगार और युवाओं को टैबलेट वितरण को चुनावी प्रलोभन बताए जाने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की ये योजनाएं किसी चुनाव को देखकर शुरू नहीं की गईं हैं। वर्ष 2018 से लगातार सरकारी नियुक्तियों की प्रक्रिया चल रही है। अब तक करीब पौने 10 लाख युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं और 26 जनवरी 2027 तक यह संख्या साढ़े 10 लाख तक पहुंचाने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत कोरोना काल में ऑनलाइन शिक्षा की जरूरत को देखते हुए 25 दिसंबर 2021 से टैबलेट वितरण की शुरुआत की गई थी। पहले चरण में करीब 60 लाख युवाओं को डिजिटल डिवाइस दिए गए। अब दूसरे चरण में 25 लाख और युवाओं को टैबलेट देने की योजना है। सरकार युवाओं को एआई, ड्रोन टेक्नोलॉजी, रोबोटिक्स, 3डी प्रिंटिंग, इंटरनेट ऑफ थिंग्स और सेमीकंडक्टर जैसे नए क्षेत्रों से जोड़ रही है।

सनातन और भारतीय पहचान पर गर्व, निवेश के लिए सुरक्षा और संभावनाएं अहम
अंतरराष्ट्रीय निवेशकों और अपनी धार्मिक पहचान को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें सनातन धर्म पर और हिंदू होने पर गर्व है। किसी की धारणा या सोच के कारण वे अपनी पहचान नहीं बदलेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर और विकसित भारत के विजन के अनुरूप उत्तर प्रदेश भी आत्मनिर्भर और विकसित बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में एआई सिटी, डेटा सेंटर क्लस्टर, सेमीकंडक्टर यूनिट, ड्रोन टेक्नोलॉजी और रोबोटिक्स के क्षेत्र में काम हो रहा है। डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर भी नई संभावनाएं खोल रहा है। मेरठ में गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे एक अमेरिकी कंपनी करीब 3000 करोड़ रुपये का निवेश करने जा रही है। उन्होंने कहा कि निवेशक प्रदेश में इसलिए आ रहे हैं क्योंकि यहां सुरक्षा, बेहतर नीतियां, लैंड बैंक और मजबूत लॉजिस्टिक नेटवर्क उपलब्ध हैं।

प्रधानमंत्री मोदी पार्टी के सर्वमान्य नेता, आदर्श और भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा के प्रतीक

विधायकों के खिलाफ कथित नाराजगी और टिकट कटने की संभावना पर मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा में प्रत्याशी चयन की एक निर्धारित प्रक्रिया है। चुनाव समिति की संस्तुति के बाद संसदीय बोर्ड निर्णय लेता है। उन्होंने कहा कि पिछले दस वर्षों में विधायकों ने अपने क्षेत्रों में विकास के लिए व्यापक काम किया है। भाजपा का काम काटने का नहीं, जोड़ने का है। लखनऊ और दिल्ली के बीच कथित मतभेदों के विपक्षी नैरेटिव पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पार्टी के सर्वमान्य नेता, आदर्श और भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा के प्रतीक हैं। उनके नेतृत्व में नए भारत का दर्शन पूरी दुनिया कर रही है। मुख्यमंत्री ने स्वयं को पार्टी का सामान्य सिपाही बताते हुए कहा कि वे विचारधारा, मूल्यों और आदर्शों की राजनीति में विश्वास करते हैं।

रैपिड फायर में राहुल गांधी पर तंज, यूपी को बताया अनलिमिटेड पोटेंशियल
कार्यक्रम के रैपिड फायर राउंड में मुख्यमंत्री योगी ने अपने चिरपरिचित अंदाज में कई राजनीतिक और वैचारिक संदेश दिए। भारत को उन्होंने 'वर्ल्ड स्पिरिचुअल पावर हाउस', उत्तर प्रदेश को 'अनलिमिटेड पोटेंशियल', श्रीराम को 'विग्रहवान धर्म' और भाजपा को 'नेशन फर्स्ट' बताया। अखिलेश यादव के पीडीए पर तंज कसते हुए उन्होंने इसे 'परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी' कहा। राहुल गांधी को उन्होंने ऐसा रॉकेट बताया, जिसे लॉन्च करने के लिए छोड़ा जाता है, लेकिन वह हमेशा विफल रहता है। बुलडोजर को उत्तर प्रदेश की स्ट्रेंथ और प्रदेश के युवाओं को आत्मनिर्भर एवं विकसित यूपी का सारथी बताया। मुख्यमंत्री चेहरे (सीएम फेस) को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए कमल का फूल ही सब कुछ है और वे भी कमल के फूल के चुनाव चिह्न पर ही चुनाव लड़ेंगे। अपनी माताजी के निधन के बाद हरिद्वार में उनका अंतिम संस्कार कर उसी दिन लखनऊ आकर प्रधानमंत्री मोदी को रिसीव करने से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री योगी ने संक्षिप्त जवाब दिया- 'यही संन्यासी धर्म है।'

घुसपैठियों को सगे-संबंधी मानती है सपा, हमारे चेहरे में दिखते हैं घुसपैठिए

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव की घुसपैठिया टिप्पणी पर पलटवार करते हुए कहा कि बांग्लादेश, पाकिस्तान और अफगानिस्तान से अनैतिक तरीके से भारत में दाखिल होने वाले वास्तविक घुसपैठिए समाजवादी पार्टी को दिखाई नहीं देते, बल्कि वे उन्हें अपने सगे-संबंधी नजर आते हैं।

उन्होंने कहा कि वे अविभाजित उत्तर प्रदेश के नागरिक हैं और 1992 से गोरखपुर में रहकर नाथ संप्रदाय की संन्यासी परंपरा के माध्यम से सेवा कार्य कर रहे हैं। उत्तराखंड की बेटी और सपा प्रमुख अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव के संदर्भ में अपनी टिप्पणी पर उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि के प्रति कृतज्ञता का भाव होना चाहिए, क्योंकि वहीं से गंगा, यमुना और सरयू जैसी नदियों का जल आता है और वहां के जवान देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए घुसपैठियों को रोकते हैं।

उन्होंने सवाल किया कि क्या उत्तराखंड के पानी और जवानों को भी घुसपैठिया कहेंगे? अखिलेश के साथ व्यक्तिगत टकराव के सवाल पर योगी ने कहा कि उनकी कोई व्यक्तिगत लड़ाई नहीं है। वे नाथ संप्रदाय के योगी हैं और उन्हें अपनी पहचान या संन्यासी धर्म के लिए समाजवादी पार्टी से किसी प्रमाणपत्र की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि संन्यासी का दायित्व केवल गुफा या मठ में बैठना नहीं, बल्कि देश और समाज के सामने चुनौती आने पर उसका मुकाबला करने के लिए खड़ा होना भी है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed