यूपीएसएसएससी ने जारी किया कनिष्ठ सहायक सामान्य चयन परीक्षा का परिणाम, 4963 युवा हुए सफल
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) ने कनिष्ठ सहायक सामान्य चयन प्रतियोगिता परीक्षा के अंतर्गत अंतिम रूप से चयनित अभ्यर्थियों का रिजल्ट जारी कर दिया है। कनिष्ठ सहायक के रिक्त 5277 पदों के सापेक्ष अंतिम रूप से 4963 अभ्यर्थी चयनित हुए हैं।
आयोग के सचिव अरविंद कुमार चौरसिया ने बताया कि अंतिम रूप से चयनित 4963 अभ्यर्थियों में 3231 अनारक्षित, 919 अन्य पिछड़ा वर्ग, 781 अनुसूचित जाति और 49 अनुसूचित जनजाति के हैं।
चयनित अभ्यर्थियों से विभागों का लेंगे विकल्प, फिर नियुक्ति पत्र
अनुक्रमांक-00173259 के अभ्यर्थी का नाम मेरिट में आने के बावजूद आवेदन के समय मांगे गए अभिलेखों में शामिल कोई सर्टिफिकेट न मिलने की वजह से उसका परिणाम रोका गया है। उसे संबंधित सर्टिफिकेट उपलब्ध कराने का मौका दिया जाएगा।
अभिलेख उपलब्ध कराने पर उसका भी रिजल्ट जारी कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि क्षैतिज आरक्षण (दिव्यांग, भूतपूर्व सैनिक, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के आश्रित व महिला) के अंतर्गत चयनित होने वाले अभ्यर्थी अपनी-अपनी मूल श्रेणी में शामिल हैं। बताते चलें, इन भर्तियों के लिए विज्ञापन पिछली सरकार में निकला था। तत्कालीन आयोग ने लिखित परीक्षा व टाइपिंग टेस्ट कराया था। पुनर्गठित आयोग ने इंटरव्यू लेकर रिजल्ट घोषित करने की कार्यवाही पूरी की।
रिजल्ट का अंतिम कट ऑफ
आयोग के चेयरमैन सीबी पालीवाल ने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों से अब विज्ञापित रिक्तियों वाले विभागों में से प्राथमिकता का विकल्प मांगा जाएगा। विकल्प प्राप्त होने के बाद अभ्यर्थियों को विभाग का आवंटन कर सूची विभागों को भेज दी जाएगी। विभाग चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र जारी करेंगे।
अनारक्षित 68.50
ओबीसी 66.50
एससी 46.50
एसटी 38.00
महिला 61.50
स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित 55.50
दिव्यांग 50.50
भूतपूर्व सैनिक 62.50
योग्य अभ्यर्थियों का टोटा
होमगार्ड जनपदीय के 22 व होमगार्ड मुख्यालय के 10 पदों में नियमानुसार विभागीय होमगार्ड स्वयंसेवकों व अवैतनिक अधिकारियों के लिए आरक्षित रखने का प्रावधान है। इन विभागीय पदों के 25 प्रतिशत आरक्षण के विरुद्ध कोई भी आवेदन साक्षात्कार के समय नहीं मिला। ऐसे में छह पद अनारक्षित श्रेणी का तथा एक पद एसटी श्रेणी का रिक्त छोड़ दिया गया।
दिव्यांगजन श्रेणी के 80 पदों के सापेक्ष 38 योग्य अभ्यर्थी ही मिले। इस श्रेणी के 42 पद अगली भर्ती की रिक्तियों में शामिल हो जाएंगे। इनमें 21 अनारक्षित, 9 एससी, 1 एसटी व 11 ओबीसी पद हैं।
स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के आश्रित श्रेणी के 48 पदों के सापेक्ष 38 योग्य अभ्यर्थी ही उपलब्ध हुए। इस श्रेणी के बाकी 10 पदों पर मेरिट से अन्य अभ्यर्थियों को चयनित कर लिया गया है।
अनुसूचित जाति श्रेणी के 970 पदों के सापेक्ष 781 योग्य अभ्यर्थी ही उपलब्ध हो पाए। इस श्रेणी के 189 पद रिक्त रखे गए हैं। इनमें दिव्यांगों के आगे के लिए सुरक्षित पद भी शामिल हैं।
अनुसूचित जनजाति श्रेणी के 135 पदों के सापेक्ष 49 योग्य अभ्यर्थी ही मिले। इस श्रेणी के 86 पद रिक्त रखे गए हैं। इन रिक्त पदों में विभागीय होमगार्ड स्वयंसेवकों व अवैतनिक अधिकारियों के लिए एक पद तथा दिव्यांगों के लिए आरक्षित पद शामिल है।