यूपी: अलविदा की नमाज के पहले प्रदेश में हाई अलर्ट, सोशल मीडिया पर रहेगी विशेष नजर; मौलानाओं ने की अमन की दुआ
Eid 2026: ईद के पहले अलविदा की नमाज आज अदा की जाएगी। ईरान मसले को देखते हुए पूरे प्रदेश में हाई अलर्ट घोषित किया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
ईरान के सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली खामनेई की मौत के बाद से शिया समुदाय में आक्रोश है। राजधानी लखनऊ में भी बड़े पैमाने पर धरना प्रदर्शन हुए। इसलिए अलविदा जुमे की नमाज को लेकर प्रदेश में हाई अलर्ट है। संवेदनशील शहरों व इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस सोशल मीडिया की भी निगरानी कर रही है ताकि कहीं भी कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब न हो।
डीजीपी राजीव कृष्ण ने सभी जिलों के पुलिस अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाए और स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर शांति व्यवस्था कायम रखी जाए। सोशल मीडिया पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है। भड़काऊ या अफवाह फैलाने वाले संदेशों पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए साइबर टीमों को सक्रिय कर दिया गया है।
इसके अलावा खुफिया एजेंसियों को भी अलर्ट किया गया है, ताकि किसी भी तरह की अफवाह या अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लोगों से भी अपील की गई है कि वह अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें।
आज 12:45 बजे मस्जिद ईदगाह में होगी अलविदा की नमाज
रमजान का अंतिम जुमा शुक्रवार को होगा। इस मौके पर अलविदा की नमाज और ईद-उल-फित्र की तैयारियों को लेकर इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया, ईदगाह कमेटी, जिला प्रशासन और पुलिस कमिश्नरेट की बैठक हुई। अध्यक्षता ईदगाह के इमाम व काज़ी-ए-शहर मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने की। उन्होंने बताया कि जामा मस्जिद ईदगाह में दोपहर 12:45 बजे अलविदा की नमाज अदा की जाएगी। मस्जिदों के आसपास सफाई, बिजली-पानी और सुरक्षा की बेहतर व्यवस्था करने को कहा गया। वुजू के लिए पानी के टैंकर और नमाजियों की सुरक्षा पर भी जोर दिया गया। डीसीपी वेस्ट विश्वजीत श्रीवास्तव ने कहा कि सुरक्षा के लिए गेटों पर डीएफएमडी लगाए जाएंगे और ड्रोन से निगरानी की जाएगी।
रोजा इफ्तार में मौलाना खालिद रशीद ने की मुल्क में अमन चैन की दुआ
रमजान के मुकद्दस महीने में रोजा इफ्तार कार्यक्रमों का सिलसिला जारी है। गोमती नगर में मोईद अहमद के आवास पर रोजा इफ्तार का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में रोजेदारों ने शिरकत की। इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया के चेयरमैन इमाम ईदगाह मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली भी शामिल हुए। उन्होंने रोजेदारों के साथ इफ्तार किया और रमजान की फजीलत पर रोशनी डालते हुए आपसी भाईचारे, अमन-चैन और मुल्क की तरक्की के लिए दुआ कराई। इस मौके पर मौजूद लोगों ने रमजान की बरकतों को साझा करते हुए एक-दूसरे को मुबारकबाद दी।