यूपी: महंगी हुई दिवाली पर घर वापसी, 30 हजार में बिका मुंबई-लखनऊ हवाई टिकट; ट्रेनों में नोरूम की नौबत
Diwali train tickets: दिवाली पर मुंबई और दिल्ली से यूपी आने वाले लोगों की राह कठिन होती जा रही है। विमान के टिकट अपने रिकॉर्ड स्तर पर हैं। ट्रेनों में तत्काल भी राहत नहीं दे पा रहा है।
विस्तार
मुंबई से लखनऊ आने वाली ट्रेनों में लंबी वेटिंग के चलते यात्रियों को विमानों का सहारा लेना पड़ रहा है। रविवार को मुंबई से उड़ान भरने वाली अकासा एयर का टिकट शनिवार को 30,091 रुपये में बिका। दरअसल, शनिवार से दिल्ली व मुंबई से लखनऊ आने वालों का सिलसिला शुरू हो गया। ट्रेनों में भारी भीड़ रही। पुष्पक, कुशीनगर, अवध एक्सप्रेस आदि गाड़ियों से बड़ी संख्या में यात्री लखनऊ पहुंचे। यात्रियों की आवाजाही का सिलसिला रविवार को भी जारी रहेगा। इसी बीच रविवार को मुंबई से लखनऊ आने वाले यात्रियों को ट्रेनों पुष्पक, कुशीनगर, एलटीटी एक्सप्रेस आदि में लंबी वेटिंग से जूझना पड़ रहा है। ऐसे में यात्रियों ने विमान के टिकट बुक कराए। एयरवॉक ट्रेवेल एजेंसी के मालिक आतिफ ने बताया कि मुंबई से लखनऊ के लिए एयर टिकट छह गुने तक महंगे हो गए हैं।
आम दिनों में मुंबई से लखनऊ का टिकट पांच हजार रुपये में मिल जाता है। इन दिनों यह बढ़कर तीस हजार रुपये तक पहुंच गया है। मुंबई से लखनऊ आने के लिए रविवार की इंडिगो एयरलाइंस की रात सवा ग्यारह बजे की सीधी उड़ान का टिकट 24331 रुपये पहुंच गया। वहीं एयर इंडिया की सुबह 11ः05 बजे की उड़ान का किराया 29466 रुपये, अकासा एयर की सुबह करीब नौ बजे की उड़ान 30091 रुपये पहुंच गई। वहीं दिल्ली से लखनऊ आने वाली सीधी उड़ानों का किराया सात से दस हजार रुपये के अंदर ही रहा।
तत्काल ने किया मायूस
मुंबई व दिल्ली से लखनऊ आने वाले यात्रियों को तत्काल कोटे से जो उम्मीद थी, वह शनिवार को पूरी नहीं हुई। पुष्पक, कुशीनगर, एलटीटी एक्सप्रेस, लखनऊ मेल, एसी एक्सप्रेस, गोरखधाम सहित 26 ट्रेनों में तत्काल कोटे की 418 सीटें थीं, लेकिन यात्रियों को महज 16 कन्फर्म टिकट ही मिल सके। शेष टिकटों पर दलालों ने हाथ साफ कर दिया।
स्टेशनों पर उमड़ी भीड़
चारबाग रेलवे स्टेशन व लखनऊ जंक्शन पर शनिवार को यात्रियों की भीड़ रही। लखनऊ से पूर्वांचल एवं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों को जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों की संख्या अधिक रही। दूसरी ओर दिल्ली व मुंबई से लखनऊ पहुंची गाड़ियों में भी खासी संख्या में यात्री पहुंचे। रविवार को भी यात्रियों की आवाजाही बनी रहेगी।