अखिलेश के नए मंत्रियो को आवंटित हुए विभाग, जानें किसे क्या मिला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अपनी विस्तारित कैबिनेट के मंत्रियों को छह दिन बाद जिम्मेदारियां सौंप दीं। बर्खास्तगी के बाद मंत्रिमंडल में वापसी करने वाले गायत्री प्रसाद प्रजापति को खनन विभाग नहीं मिल पाया। अलबत्ता उन्हें दूसरा बड़ा महकमा माना जाने वाला परिवहन विभाग मिला है।
बर्खास्तगी के बाद आठवें विस्तार में फिर से कैबिनेट में जगह पाने वाले शिवाकांत ओझा को अहम माना जाने वाला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग मिला है।
राज्यमंत्री से प्रमोशन पाकर कैबिनेट मंत्री बनाए गए नरेंद्र सिंह वर्मा को भी गन्ना एवं चीनी उद्योग जैसा महत्वपूर्ण विभाग दिया गया है। शंखलाल मांझी भी फायदे में रहे। उन्हें समाज कल्याण विभाग दिया गया है।
वहीं, शपथ के लिए तीन महीने तक इंतजार करने वाले जियाउद्दीन रिजवी को पशुधन विभाग मिला है। रेशम व वस्त्रोद्योग मंत्री महबूब अली से व्यावसायिक शिक्षा की जिम्मेदारी वापस लेकर लघु सिंचाई का अतिरिक्त चार्ज दिया गया है।
नरेंद्र वर्मा व शंखलाल मांझी को मिले बड़े विभाग
मुख्यमंत्री ने 26 सितंबर को कैबिनेट का विस्तार किया था। तब से सबकी निगाहें गायत्री प्रजापति पर लगी थीं। वे फिर से खनन विभाग पाने के लिए दबाव बनवा रहे थे, लेकिन मुख्यमंत्री ने उन्हें परिवहन विभाग दिया।
गायत्री के अलावा शिवाकांत ओझा, नरेंद्र सिंह वर्मा और शंखलाल मांझी को बड़े विभाग मिले हैं। अभी तक बतौर राज्यमंत्री व्यावसायिक शिक्षा व कौशल विकास विभाग का काम देख रहे अभिषेक मिश्र को यही विभाग कैबिनेट मंत्री के रूप में भी दिए गए हैं।
तीन माह तक कैबिनेट से बाहर रहने के बाद फिर एंट्री पाने वाले मनोज कुमार पांडेय को इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग मिला है जबकि राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार से प्रमोट यासर शाह को कर एवं निबंधन (व्यापार कर) विभाग दिया गया है।
इन्हें दिए गए ये विभाग
राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार से प्रमोट रियाज अहमद मत्स्य एवं सार्वजनिक उद्यम विभाग देखेंगे, जबकि रविदास मेहरोत्रा को प्रमोशन के बाद परिवार कल्याण, मातृ व शिशु कल्याण विभाग दिया गया है। राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार के रूप में भी उनके पास यही विभाग था।
राज्यमंत्री से प्रमोट शंखलाल मांझी को समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण एवं सैनिक कल्याण विभाग दिया गया है। राज्यपाल ने मुख्यमंत्री के प्रस्ताव पर महबूब अली को वर्तमान कार्यप्रभार के साथ लघु सिंचाई विभाग का अतिरिक्त कार्यभार आवंटित किया है।
शिवपाल से समाज कल्याण व लघु सिंचाई विभाग वापस
13 महकमों के मंत्री और सपा के प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव से समाज कल्याण व लघु सिंचाई विभाग वापस ले लिए गए हैं। अब उनके पास 11 विभाग ही होंगे। लोक निर्माण विभाग उनसे पहले ही ले लिया गया था। उसी की भरपाई के लिए ये दोनों विभाग उन्हें दिए थे।
सीएम ने भी चार विभाग छोड़े
सीएम अखिलेश ने भी चिकित्सा व स्वास्थ्य, गन्ना विकास व चीनी मिलें, आईटी-इलेक्ट्रॉनिक्स और व्यापार कर समेत चार विभाग छोड़े हैं। मंत्री अहमद हसन से चिकित्सा व स्वास्थ्य विभाग लेने के बाद से सीएम ने इसे अपने पास ही रखा था।