यूपी: राजधानी में महिला बैंक प्रबंधक और दरोगा से लूटपाट, बाइक सवार बदमाश चेन और मोबाइल छीनकर भागे
लखनऊ के आशियाना और गोमतीनगर में बाइक सवार बदमाशों ने महिला बैंक प्रबंधक और दरोगा को निशाना बनाया। महिला से सोने की चेन और दरोगा से मोबाइल लूट लिया गया। दोनों घटनाओं में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
विस्तार
राजधानी में बाइक सवार बदमाशों ने अलग-अलग इलाकों में महिला बैंक प्रबंधक और दरोगा को निशाना बनाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। आशियाना में तीन सितंबर की रात बाइक सवार दो बदमाश स्कूटी से जा रही महिला बैंक प्रबंधक के गले से सोने की चेन लूट ले गए।
वहीं, गोमतीनगर में 13 सितंबर की सुबह मॉर्निंग वॉक से लौट रहे दरोगा से बिना नंबर की बाइक सवार बदमाश मोबाइल फोन छीनकर भाग गए। दोनों मामलों में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के जरिए बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
फ्लाईओवर पर महिला बैंक प्रबंधक से चेन लूटी
रायबरेली रोड स्थित रॉयल सिटी निवासी दुर्गेश त्रिपाठी भारतीय स्टेट बैंक की वृंदावन योजना सेक्टर-6 शाखा में शाखा प्रबंधक हैं। उन्होंने बताया कि तीन सितंबर की रात करीब नौ बजे वह एसबीआई प्रशासनिक कार्यालय, मोती महल, हजरतगंज से स्कूटी से घर लौट रही थीं।
करीब 9:35 बजे औरंगाबाद फ्लाईओवर पर पहुंचते ही पीछे से काले रंग की पल्सर बाइक सवार दो बदमाश आए और उनके गले से सोने की चेन छीन ली। चेन का आधा हिस्सा बदमाशों के हाथ लगा, जबकि आधा उनके गले में ही रह गया। पीड़िता ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना देने के साथ आशियाना थाने में लिखित शिकायत दी थी। हालांकि पुलिस ने घटना के करीब 10 दिन बाद लूट की एफआईआर दर्ज की।
सीसीटीवी से बदमाशों की तलाश
आशियाना इंस्पेक्टर गजेंद्र कुमार राय ने बताया कि घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।
मॉर्निंग वॉक से लौट रहे दरोगा से मोबाइल लूटा
दूसरी वारदात गोमतीनगर के विनीतखंड इलाके में हुई। अभिसूचना मुख्यालय में तैनात दरोगा राजेंद्र सिंह के अनुसार, वह 13 सितंबर की सुबह घर से मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। सुबह करीब साढ़े आठ बजे वापस लौटते समय विराटखंड स्थित महाराजा अग्रसेन विद्यालय के पास बिना नंबर की पल्सर बाइक सवार बदमाश उनके हाथ से मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए।
वहीं, गोमतीनगर इंस्पेक्टर बृजेश चंद्र तिवारी ने बताया कि लूट की एफआईआर दर्ज कर ली गई है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और बदमाशों की तलाश की जा रही है।