यूपी: युवक को पीटने और थाने में जूते चटवाने के आरोपों पर मानवाधिकार आयोग सख्त, एसएसपी से मांगी रिपोर्ट
गोरखपुर के चिलुआताल थाने में युवक की पिटाई और जूते चटवाने के आरोपों पर मानवाधिकार आयोग ने संज्ञान लिया है। आयोग ने एसएसपी से जांच कराकर 21 जनवरी 2027 तक रिपोर्ट मांगी है। शिकायत में पुलिसकर्मियों पर युवक और उसकी मां से मारपीट करने का आरोप लगाया गया है।
विस्तार
गोरखपुर के चिलुआताल थाने में युवक को पीटने और जूते चटवाने के आरोपों पर उत्तर प्रदेश मानवाधिकार आयोग ने संज्ञान लिया है। आयोग ने मामले में गोरखपुर के एसएसपी से जांच कराकर 21 जनवरी 2027 तक रिपोर्ट मांगी है। मामले की अगली सुनवाई 22 जनवरी को होगी।
आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने आयोग में शिकायत कर आरोप लगाया था कि चिलुआताल थाने में पुलिसकर्मियों ने शिवम पांडेय की बेरहमी से पिटाई की और उनसे जूते चटवाए। उनकी मां पूनम पांडेय के साथ भी मारपीट की गई।
शिकायत में इंस्पेक्टर सूरज सिंह और अन्य पुलिसकर्मियों को आरोपी बनाया गया है। आयोग ने एसएसपी को निर्देश दिया है कि शिकायतकर्ता अमिताभ ठाकुर को जांच में शामिल करते हुए मामले की जांच कराई जाए और तय समय में रिपोर्ट भेजी जाए।
अमिताभ ठाकुर ने शिकायत में आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने, उन्हें निलंबित करने और थाने के सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य रिकॉर्ड सुरक्षित रखने की मांग की थी। उन्होंने मामले की स्वतंत्र आपराधिक जांच कराने की भी मांग उठाई थी।
शिकायत के साथ पीड़ित के मेडिकल रिकॉर्ड भी लगाए गए थे। अमिताभ ठाकुर का कहना है कि शिवम पांडेय ने उनसे फोन पर बातचीत में पुलिसकर्मियों पर लगाए गए आरोपों की पुष्टि की थी। उन्होंने अपनी चोटों से संबंधित मेडिकल रिपोर्ट भी उपलब्ध कराई थी। अब आयोग की ओर से मांगी गई रिपोर्ट के बाद मामले में पुलिस की जांच और कार्रवाई पर नजर रहेगी।
