{"_id":"6afb3c4daf3a4536080944c4","slug":"up-elections-the-bjp-will-focus-on-cornering-the-opposition-and-finalizing-its-ticket-distribution-formula-2026-11-16","type":"story","status":"publish","title_hn":"यूपी चुनाव: चिंतन शिविर के बाद विपक्ष की घेराबंदी व टिकट के फॉर्मूले पर जुटेगी भाजपा, क्षेत्रवार होगी निगरानी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
यूपी चुनाव: चिंतन शिविर के बाद विपक्ष की घेराबंदी व टिकट के फॉर्मूले पर जुटेगी भाजपा, क्षेत्रवार होगी निगरानी
Mon, 16 Nov 2026 10:54 PM IST
Ishwar Ashish Bhartiya
अमर उजाला ब्यूरो, लखनऊ
अमर उजाला ब्यूरो, लखनऊ
Published by: Ishwar Ashish Bhartiya
Updated Mon, 16 Nov 2026 10:54 PM IST
सार
भाजपा मिशन-2027 में तीसरी बार सत्ता में वापसी के लिए मथुरा के दो दिवसीय चिंतन शिविर में रोडमैप तैयार कर रही है। शिविर में विपक्ष की घेराबंदी, कमजोर सीटों पर जीत की रणनीति, बूथ स्तर तक संगठन की सक्रियता और प्रत्याशी चयन के फॉर्मूले पर मंथन किया जा रहा है। शिविर के बाद विधायकों के रिपोर्ट कार्ड पर भी फोकस किया जाएगा।
विज्ञापन
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन व यूपी भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी।
- फोटो : amar ujala
विस्तार
उत्तर प्रदेश की सत्ता में तीसरी बार वापसी के लक्ष्य के साथ भाजपा मथुरा के चिंतन शिविर में तैयार होने वाले रोडमैप के आधार पर सियासी चौसर बिछाएगी। पार्टी मिशन-2027 को फतेह करने के लिए विपक्ष की घेराबंदी, कमजोर सीटों पर जीत की रणनीति और बूथ स्तर तक संगठन की सक्रियता बढ़ाने का अभियान चलाएगी। शिविर में बड़ी जीत सुनिश्चित करने के लिए इस बार मौजूदा विधायकों के प्रदर्शन की समीक्षा व प्रत्याशी चयन के फॉर्मूले पर भी काम तेज होगा।
विज्ञापन
मथुरा में हो रहा दो दिवसीय मंथन भाजपा के लिए चुनावी तैयारी की दिशा और अगले अभियान का आधार तय करेगा। शिविर के बाद भाजपा के दिग्गज नेता और संगठन के पदाधिकारी इस रणनीति को जमीन पर उतारने के लिए प्रदेशव्यापी दौरा शुरू कर विपक्ष की घेराबंदी का अभियान भी तेज करेंगे। साथ ही कमजोर सीटों पर जीत की रणनीति, बूथों की मजबूती और प्रत्याशी चयन के मानकों को कसने की तैयारी है।
विज्ञापन
पहले दिन की बैठक में हुई मुद्देवार चर्चा के संकेत साफ है कि भाजपा का जोर सिर्फ चुनावी रणनीति बनाने पर नहीं, बल्कि हर मोर्चे पर उसे जमीन पर उतारने पर होगा। शिविर में पार्टी नेतृत्व उन सीटों का भी हिसाब-किताब करेगा, जहां पिछले चुनाव में भाजपा को हार का सामना करना पड़ा था या जहां मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियां चुनौती पेश कर रही हैं। इन सीटों पर जातीय समीकरण, स्थानीय नाराजगी, संगठन की सक्रियता और संभावित प्रत्याशियों की स्थिति का आकलन किया जाएगा।
विज्ञापन
विधायकों के कामकाज से तय होगी टिकट की राह
प्रत्याशी चयन का फॉर्मूला भी चिंतन शिविर के एजेंडे में अहम रहा। तय हुआ है कि मौजूदा विधायकों के कामकाज, जनता के बीच उनकी स्वीकार्यता, क्षेत्र में सक्रियता, जातीय समीकरण और जीतने की क्षमता को कसौटी बनाया जाएगा। ऐसे में कई विधायकों के जहां टिकट कटने की संभावना बनी रहेगी, वहीं कुछ विधायकों की सीटें भी बदल सकती है। हालांकि इस पर स्थिति बाद में साफ होगी।
बूथ से विपक्ष तक एक साथ मोर्चाबंदी
शिविर के बाद भाजपा के वरिष्ठ नेता और संगठन पदाधिकारी क्षेत्रवार प्रवास कर तैयारियों की निगरानी करेंगे। बूथ प्रबंधन, घर-घर संपर्क, लाभार्थियों तक पहुंच और सरकार की उपलब्धियों के प्रचार को चुनावी अभियान से जोड़ा जाएगा। वहीं, विपक्ष के मुद्दों और आरोपों का जवाब देने के लिए भी आक्रामक रणनीति बनाई जाएगी। पार्टी का लक्ष्य चुनाव की घोषणा से पहले संगठन को पूरी तरह चुनावी मोड में लाना है।
