यूपी: सीएम योगी का सपा पर हमला, बोले- नौजवान पूछता है कि जब सरकार में थे, तब क्या किया था? जो अब करोगे
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ में 1,594 नवचयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किया। इनमें 201 लेखा परीक्षक और 1,393 सहायक लेखाकार शामिल हैं। कार्यक्रम इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के जुपिटर हॉल में आयोजित हो रहा है।
विस्तार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज नौजवान पूछता है कि जब आप सरकार में थे, तब क्या किया था? अब क्या करोगे? मुख्यमंत्री ने 2017 से पहले की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय उत्तर प्रदेश को बीमारू राज्य माना जाता था। युवा पलायन करते थे, किसान आत्महत्या करते थे और बेटियां भी सुरक्षित नहीं थीं।
#WATCH लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने UPSSSC के 1,594 नवनियुक्त उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र बांटे। https://t.co/ChUk9yKgki
— ANI_HindiNews (@AHindinews) November 27, 2026विज्ञापन
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं थी। नौकरी का विज्ञापन निकलते ही चाचा-भतीजे की जोड़ी वसूली के लिए निकल पड़ती थी। परीक्षा कोई देता था और नियुक्ति पत्र कोई मुन्ना भाई लेकर चला जाता था। वर्ष 2015-16 में हाईस्कूल, इंटर और स्नातक में थर्ड डिवीजन पाने वाले अभ्यर्थी को लोक सेवा आयोग की परीक्षा में एसडीएम का टॉपर बना दिया गया।
आज बिना सिफारिश और लेन-देन के मेरिट के आधार पर युवाओं को नियुक्ति मिल रही है। लखीमपुर खीरी के चंदन चौकी के थारू जनजाति के युवा से लेकर रायबरेली, जौनपुर, शाहजहांपुर, गोरखपुर और लखनऊ के सामान्य परिवारों के अभ्यर्थियों को इसका लाभ मिल रहा है। मेरिट का अपमान महापाप है और नियुक्ति पत्र युवाओं के परिश्रम का सम्मान है।
तीन गुना हुई अर्थव्यवस्था, कट्टा-बम की जगह बन रहीं राइफल और मिसाइल
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अंधविश्वास के कारण नोएडा जाने से डरते थे, जबकि हमारी सरकार ने वहां चार लाख घर खरीदारों को उनके फ्लैट दिलाए। साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश की अर्थव्यवस्था 12.50 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 36 लाख करोड़ रुपये हो गई है।
प्रति व्यक्ति आय तीन गुना हुई और वार्षिक बजट तीन लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 9.70 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया। उत्तर प्रदेश बॉटम-5 से निकलकर देश की शीर्ष-3 अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हुआ है। अगले चार वर्षों में इसे देश की नंबर-एक अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य है।
VIDEO | UP Chief Minister Yogi Adityanath shared cheerful moments with newly appointed candidates, clicking selfies with them after distributing appointment letters to 1,594 selected youth in Lucknow. (Source: Third Party) (Full video available on PTI Videos - https://t.co/bIyFWTfmBd)
— Press Trust of India (@PTI_News) November 27, 2026
उन्होंने कहा कि देश के 55 प्रतिशत मोबाइल का निर्माण उत्तर प्रदेश में हो रहा है। एकेटीयू सहित तकनीकी संस्थानों में एआई, ड्रोन, रोबोटिक्स, 3डी प्रिंटिंग और स्पेस टेक्नोलॉजी के पाठ्यक्रम शुरू किए गए हैं। लखनऊ के एचसीएल कैंपस में कर्मचारियों की संख्या 100 से बढ़कर 18 हजार हो गई है, जिनमें 60 प्रतिशत महिलाएं हैं। आज बेटियां रात दो बजे भी निडर होकर अपने घर लौट रही हैं।
पहले प्रदेश में कट्टा-बम बनते थे, अब यहां दुनिया की श्रेष्ठ कलाश्निकोव एके-203 राइफल और लखनऊ में ब्रह्मोस मिसाइल बन रही है। अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि दुस्साहस करने वाले को अगले दिन लंगड़ाते हुए या जहन्नुम का रास्ता तय करते हुए देखा जा सकता है।
राम मंदिर का विरोध करते हैं, भगवान से डरो, पाखंड से नहीं
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सपा राम मंदिर का विरोध करती है। योगी ने तंज कसते हुए कहा, "अरे... भगवान से डरो, पाखंड से नहीं।" उन्होंने नोएडा का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था के इस अहम केंद्र को पिछली सरकारों ने लूट-खसोट का अड्डा बना दिया था। पाखंड के कारण वे नोएडा नहीं जाते थे। उन्होंने कहा, "मैं भगवा कपड़े पहनता हूं, लेकिन मुझे नोएडा जाने से परहेज नहीं है।"
मुख्यमंत्री ने नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में अपनी सरकार की भर्ती प्रक्रिया और रोजगार के आंकड़े गिनाए। उन्होंने कहा, "सपा और बसपा ने अपने पूरे कार्यकाल में जितनी नौकरियां नहीं दीं, उतनी मैंने अकेले दे दी हैं।" योगी ने दावा किया कि 1947 से लंबे समय तक प्रदेश में कांग्रेस की सरकार रही और इसके बाद सपा-बसपा ने सात बार सरकार बनाई। इन सभी के कार्यकाल में कुल जितने नियुक्ति पत्र नहीं बांटे गए, उससे दोगुने उन्होंने अकेले बांटे हैं।
अगले हफ्ते 52 हजार से अधिक नियुक्ति पत्र देने का एलान
योगी ने कहा कि अगले सप्ताह आठ हजार लेखपाल, 42 हजार होमगार्ड और दो हजार शिक्षकों को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। उन्होंने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी सरकार की भर्ती की रफ्तार और संख्या को 'सैफई सिंडिकेट' पचा नहीं पाएगा, क्योंकि वहां नोट गिनने के अलावा कोई काम नहीं है।सपा की ओर से 30 लाख नौजवानों को सरकारी नौकरी देने के वादे पर उन्होंने सवाल उठाया। कहा कि जब वे सत्ता में थे, तब क्या किया, यह भी बताना चाहिए।
युवाओं से पूछा- भर्ती के लिए किसी ने पैसे मांगे?
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में मौजूद नवचयनित अभ्यर्थियों से भर्ती प्रक्रिया को लेकर सवाल किए। उन्होंने पूछा कि चयन के दौरान किसी ने उनसे पैसे की मांग की, धमकाने का प्रयास किया या भर्ती प्रक्रिया में कोई खोट नजर आया? अभ्यर्थियों ने सभी सवालों का जवाब 'नहीं' में दिया।
योगी ने कहा कि उनकी सरकार अब तक पौने दस लाख सरकारी नौकरियां दे चुकी है और आगे भी भर्तियां जारी रहेंगी। उन्होंने सपा और बसपा के शासनकाल का जिक्र करते हुए पूछा कि उन सरकारों ने कितने लोगों को नियुक्ति दी थी।
यूपी के भर्ती फर्जीवाड़े पर बनती थीं 'मुन्ना भाई एमबीबीएस' जैसी फिल्में
योगी ने वर्ष 2017 से पहले की भर्ती प्रक्रियाओं पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि हाल ही में उन्होंने लखनऊ में 'मुन्ना भाई गैंग' के सरगना के बयान पढ़े थे। इसके बाद फिल्म 'मुन्ना भाई एमबीबीएस' का जिक्र करते हुए कहा कि जब यह फिल्म आई थी, तब वह सांसद थे।
उस दौर में उत्तर प्रदेश में होने वाली नियुक्तियों की स्थिति भी कुछ ऐसी ही थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर 2017 से पहले भर्ती होती तो दुर्भाग्य से मेहनत करने वाले अभ्यर्थियों को सफलता नहीं मिलती। उस समय मेहनत की कोई कीमत नहीं थी।
थर्ड डिविजन वाले को यूपीपीएससी में टॉपर कराया गया
मुख्यमंत्री ने 2015 में आए उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) के एक परिणाम का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि उस समय भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ी हुई थी। उन्होंने कहा कि परिणाम में टॉप करने वाला अभ्यर्थी हाईस्कूल, इंटरमीडिएट और स्नातक की परीक्षा में थर्ड डिविजन था, फिर भी यूपीपीएससी में टॉपर बन गया। योगी ने कहा, "टॉप किया नहीं, टॉप कराया गया था।"
