इस बार जुलाई में ही जारी होगा यूपी बोर्ड परीक्षा का कार्यक्रम, फरवरी में शुरू होगी परीक्षा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने घोषणा की है कि वर्ष 2020 में होने वाली यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटर परीक्षा की समय-सारिणी इस बार जुलाई में ही जारी कर दी जाएगी। बोर्ड परीक्षा फरवरी के पहले हफ्ते में शुरू होने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि यूपी बोर्ड परीक्षा के इतिहास में यह पहली बार होगा कि जुलाई में ही परीक्षा का कार्यक्रम तय हो जाएगा। इससे माध्यमिक विद्यालयों को पाठ्यक्रम पूरा कराने और विद्यार्थियों को तैयारी की रणनीति बनाने के लिए काफी समय मिलेगा।
वे गुरुवार को राजकीय जुबली इंटर कॉलेज में एचसीएल फाउंडेशन के डिस्कवरी साइंस सेंटर, आर्ट गैलरी, ओरिएंट बेल टाइल्स और शिक्षकों के ऑनलाइन स्थानांतरण प्रक्रिया के शुभारंभ समारोह में बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि बोर्ड परीक्षा का कार्यक्रम जुलाई के प्रथम सप्ताह में वेबसाइट पर जारी कर दिया जाएगा। समय पर पाठ्यक्रम पूरा करने और रिवीजन के लिए माध्यमिक स्कूलों में मासिक शैक्षिक पांचांग बनाया गया है। पांचांग के हिसाब से विद्यालयों को 220 दिन की पढ़ाई कराना जरूरी है।
हर जिले का एक कॉलेज मॉडल कॉलेज के तौर पर होगा विकसित
उन्होंने कहा कि राजकीय जुबली इंटर कॉलेज की तरह ही प्रदेश के सभी मंडलों के एक-एक राजकीय कॉलेज में विज्ञान की आधुनिक प्रयोगशाला बनेगी। इससे छात्र विज्ञान के रहस्यों को आसानी से समझ सकेंगे। हर जिले में एक कॉलेज को मॉडल के तौर पर विकसित कर उसमें अत्याधुनिक सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी।
उन्होंने बताया कि सरकार ने वर्ष 2018 में कुल 5897 पदों का सृजन कर 194 नए माध्यमिक विद्यालयों की स्थापना की है, जबकि पिछली सरकार ने पांच वर्षों में सिर्फ 50 माध्यमिक विद्यालयों की ही स्थापना कराई थी।