यूपी: आजम खान की चार दिन की ईडी रिमांड मंजूर, कल लखनऊ लाए जाएंगे; होगी बंद कमरे में पूछताछ
जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय को आजम खान की चार दिन की कस्टडी रिमांड मिली है। उन्हें शुक्रवार को लखनऊ लाया जाएगा। यहां ईडी की टीम बंद कमरे में उनसे पूछताछ करेगी। जांच एजेंसी मामले से जुड़े वित्तीय लेनदेन और अन्य पहलुओं पर सवाल कर सकती है।
विस्तार
जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को आजम खान की चार दिन की कस्टडी रिमांड मिली है। उन्हें शुक्रवार को लखनऊ लाया जाएगा, जहां ईडी की टीम उनसे पूछताछ करेगी।
डासना जेल में बंद हैं आजम
हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद 31 अक्तूबर को रामपुर जेल से रिहा होते ही प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आजम खान को गिरफ्तार कर लिया था। 1 नवंबर को विशेष पीएमएलए कोर्ट में पेशी के बाद से वे न्यायिक हिरासत में गाजियाबाद की डासना जेल में बंद हैं।
जेल में शिवपाल आजम खान से मिले थे
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव बृहस्पतिवार को गाजियाबाद जिला कारागार पहुंचे। उनकी यह यात्रा जिला कारागार में बंद समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता आज़म खान से मुलाकात करने के लिए थी।
शिवपाल यादव के आगमन पर सैकड़ों की संख्या में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। यह स्वागत गाजियाबाद के वेदांता टोल प्लाजा पर आयोजित किया गया था। स्वागत के बाद शिवपाल यादव का काफिला जिला कारागार की ओर रवाना हुआ। जेल अधीक्षक सीताराम शर्मा ने इस मुलाकात के संबंध में जानकारी दी।
शिवपाल का भाजपा पर हमला
समाजवादी पार्टी के नेता और विधायक शिवपाल यादव कहते हैं, "...आजम खां को लगातार परेशान किया जा रहा है, और मुझे लगता है कि उन पर लगाए गए मामले झूठे हैं। उनका एकमात्र 'दोष' यह है कि उन्होंने गरीब बच्चों के लिए एक यूनिवर्सिटी बनाई। चार बार मंत्री और दो बार सांसद रहने के बावजूद, उनके साथ जेल के बुनियादी नियमों का भी पालन नहीं किया जा रहा है... हमें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है कि वह न्याय करेगी।