यूपी : अखिलेश यादव बोले-जिन बूथों पर भाजपा हारी...वहां काटे जा रहे वोट; पढ़ें पूरा बयान
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव हैदराबाद में “विजन इंडिया: एआई समिट” में शामिल हुए और कहा कि पार्टी का विजन भारत की समस्याओं का समाधान करेगा, जिसमें एआई तकनीक का सकारात्मक उपयोग भी शामिल है।
विस्तार
सपा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का हैदराबाद में पार्टी के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। अखिलेश यादव वहां शनिवार को समाजवादी पार्टी की ओर से आयोजित विजन इंडियाः एआई समिट में शामिल होंगे। उनके हैदराबाद पहुंचने पर तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने भी उनका स्वागत किया और मुलाकात के दौरान समसामायिक विषयों पर चर्चा की।
अखिलेश यादव ने कहा कि आज भारत ऐसा देश बन गया है, जहां लोगों को हर कदम पर मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। समस्याओं का समाधान करने के लिए हमने एक रास्ता सोचा है। विजन इंडिया जो एक सकारात्मक, यथार्थवादी और प्रगतिशील भविष्य की ओर ले जाएगा।
उन्होंने हैदराबाद में मीडिया से कहा कि हर जगह और हर स्तर पर एआई (आर्टिफिसियल इंटेलीजेंस) का प्रभाव बढ़ रहा है। कृषि क्षेत्र, मेडिकल क्षेत्र और अन्य सेक्टर में एआई का प्रभाव बहुत तेजी से बढ़ रहा है। हैदराबाद ने तकनीक के क्षेत्र में बहुत विकास किया है। सपा ने एआई को लेकर हैदराबाद में विजन इंडिया कार्यक्रम का आयोजन किया है।
भाजपा और चुनाव आयोग मिलकर साजिश कर रहे
वोटरलिस्ट के एसआईआर को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि चुनाव आयोग को वोट बढ़ाने के लिए काम करना चाहिए, जिससे वोट बढ़े। इसके उलट देखा जा रहा है कि यूपी में करीब तीन करोड़ वोट कटने जा रहा है। भाजपा और चुनाव आयोग मिलकर साजिश कर रहे हैं कि जहां-जहां भाजपा हारी है, वहां-वहां वोट काट दें। यह लोकतंत्र के खिलाफ षड्यंत्र है।