उन्नाव रेपकेस में आरोपी विधायक, शशि व पीड़िता का होगा आमना-सामना, एक और केस दर्ज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उन्नाव प्रकरण में सीबीआई ने एक और केस दर्ज किया है। जांच एजेंसी ने उन्नाव के माखी थाने में दर्ज पीड़िता के अपहरण व गैंगरेप मामले की जांच करेगी। उन्नाव प्रकरण में सीबीआई ने यह चौथी एफआईआर दर्ज की है।
हाईकोर्ट ने सीबीआई को पहले के मामले की भी जांच करने के निर्देश दिए थे। यह मामला 20 जून को 2017 को पीड़िता की मां ने दर्ज कराया था। इसमें शुभम सिंह और अवधेश तिवारी के खिलाफ बहला-फुसला कर भगा ले जाने का आरोप है। बाद में पीड़िता के बयान के आधार पर इस मुकदमे में सामूहिक बलात्कार की धारा 376 डी को जोड़ते हुए नरेश तिवारी व दो अन्य लोगों को भी आरोपी बनाया गया था।
उन्नाव प्रकरण की सुनवाई के दौरान कोर्ट ने सीबीआई को पूर्व के मामले की भी जांच करने के आदेश दिए थे। आदेश की कॉपी मिलने के बाद अब इस मामले को भी सीबीआई ने अपने यहां रजिस्टर कर लिया है।
सेंगर व शशि को आज उन्नाव ले जाएगी सीबीआई
सीबीआई सूत्रों का कहना है कि मंगलवार को विधायक कुलदीप सेंगर और शशि सिंह को उन्नाव ले जाया जाएगा। वहां सीबीआई 20 जून को दर्ज कराए गए केस और 12 अप्रैल को दर्ज हुए मुकदमे की पड़ताल करेगी। साथ ही घटनास्थल पर दोनों अभियुक्तों का पीड़िता से आमना-सामना कराया जाएगा।
पीड़िता का कलमबंद बयान दर्ज
उन्नाव प्रकरण में सोमवार को रेप पीड़िता का सीबीआई की विशेष न्यायिक मजिस्ट्रेट के सामने कलमबंद बयान दर्ज कराया गया। इस बयान को सीलबंद कर सुरक्षित रख लिया गया। इससे पूर्व सीबीआई भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पीड़िता व उसकी मां को कोर्ट में लेकर आई। बयान दर्ज कराने के बाद सीबीआई पीड़िता को अपने सुरक्षा में लेकर चली गई।
सीबीआई का पूरा ध्यान बलात्कार मामले पर
सीबीआई उन्नाव प्रकरण में बलात्कार मामले पर पूरा फोकस कर रही है। हालांकि अन्य मामलों की भी जांच चल रही है। मुख्य फोकस विधायक पर लगे आरोपों को लेकर है। विधायक कुलदीप सिंह सेंगर व उसकी मददगार शशि सिंह की गिरफ्तारी के बाद सोमवार को लखनऊ स्थित सीबीआई कोर्ट में पीड़िता का बयान दर्ज कराया गया। इसके बाद सीबीआई उसे लेकर उन्नाव चली गई।
इधर, विधायक व शशि सिंह से लगातार तीसरे दिन भी पूछताछ जारी रही। विधायक ने घटना वाले दिन यानी 4 जून को खुद के उन्नाव से बाहर होने का दावा किया है। सीबीआई इसका सीडीआर व दूसरे तकनीकी माध्यमों से मिलान कर रही है।
वायरल ऑडियो और वीडियो की भी होगी जांच
सीबीआई की टीम उन्नाव प्रकरण से जुड़े ऑडियो व वीडियो की भी जांच करेगी। विधायक व पीड़िता के चाचा के बीच बातचीत का ऑडियो काफी दिनों से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वहीं उन्नाव के एक डॉक्टर का वीडियो भी वायरल हो रहा है, इसमें वह पीड़िता की उम्र 19 साल से अधिक बता रहा है।
सीबीआई जांच से संतुष्ट है पीड़िता
सीबीआई कोर्ट में बयान दर्ज कराने के बाद पीड़िता ने मीडियाकर्मियों के सवालों का जवाब भी दिया। कहा, वह सीबीआई जांच से पूरी तरह संतुष्ट है।