यूपी में 13 आईएएस अफसरों के तबादले, कंपोजिट ग्रांट घोटाले में उन्नाव के डीएम निलंबित
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भ्रष्टाचार पर सख्त कार्रवाई करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्नाव के डीएम देवेंद्र कुमार पांडेय को शनिवार को निलंबित कर दिया। देवेंद्र पर बेसिक शिक्षा में कंपोजिट ग्रांट से संबंधित काम में अनियमितता के आरोप हैं। उन्हें राजस्व परिषद से संबद्ध कर दिया गया है।
कन्नौज के डीएम रवींद्र कुमार-प्रथम उन्नाव के नए डीएम होंगे। शासन ने शनिवार को इस कार्रवाई के साथ-साथ सात अन्य जिलों के डीएम सहित 13 आईएएस अफसरों को बदल दिया है।
शासन ने शामली, सहारनपुर, झांसी, प्रतापगढ़, कुशीनगर, बांदा व कन्नौज के मौजूदा डीएम को हटाकर नई तैनाती दे दी है। सहारनपुर के डीएम आलोक कुमार पांडेय, झांसी के डीएम शिव सहाय अवस्थी, प्रतापगढ़ के डीएम मार्कण्डेय शाही, कुशीनगर के डीएम डाॅ. अनिल कुमार सिंह व बांदा के डीएम हीरालाल को हटाकर शासन में अलग-अलग पदों पर तैनाती दी गई है।
मौजूदा पदों से हटाए गए अधिकारियों में कन्नौज के डीएम रवींद्र कुमार व शामली के डीएम अखिलेश सिंह ही कलेक्टर की कुर्सी बचा पाए हैं। अखिलेश को सहारनपुर का नया जिलाधिकारी बनाकर भेजा गया है।
रिपोर्ट... उच्च दर पर हुई खरीदी, जीएसटी में पंजीकृत नहीं हुई फर्म
- कंपोजिट ग्रांट के तहत राज्य परियोजना निदेशक से जारी कार्यों की सूची में जिलास्तरीय कमेटी ने बदलाव किया। जिला स्तर पर नई सूची जारी की। कई अनिवार्य कार्यों को सूची से हटा दिया गया। इस कमेटी में डीएम व बीएसए मुख्य रूप से शामिल थे।
- विभिन्न विद्यालयों में कंपोजिट ग्रांट के अंतर्गत अधिकतर सामग्री की खरीद जौनपुर की एक ही फर्म से की गई। यह फर्म जीएसटी में पंजीकृत भी नहीं थी। सामग्री की खरीदी बाजार दर से उच्च दर पर की गई। गुणवत्ता भी अधोमानक मिली।
- 20 सितंबर, 2018 को धनराशि सर्व शिक्षा अभियान कार्यालय से जिला परियोजना कार्यालय उन्नाव के लिए आवंटित की गई। इसे जिला स्तर से विभिन्न विद्यालयों के खातों में 15 अक्तूबर, 2018 को ही आरटीजीएस के माध्यम से भेज दी गई। लेकिन, सामग्री खरीद के लिए सामान की सूची 23 फरवरी, 2019 को जिला स्तर से जारी की गई। नतीजा यह हुआ कि धनराशि आवंटित होने के बावजूद समय से सामग्री नहीं खरीदी जा सकी।
इन अफसरों के भी हुए तबादले
इसके अलावा प्रशासन ने शनिवार को 13 आईएएस अफसरों के तबादले कर दिए हैं। आईएएस रवींद्र कुमार को उन्नाव के जिलाधिकारी के रूप में तैनाती दी गई है। वह अभी तक कन्नौज के डीएम हैं।
अपर प्रबंध निदेशक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन रहीं जसजीत कौर को जिलाधिकारी, शामली के पद पर तैनात किया गया है। शामली के जिलाधिकारी अखिलेश सिंह को सहारनपुर के जिलाधिकारी के पद पर भेजा गया है।
आईएएस आन्द्रा वामसी को झांसी के जिलाधिकारी के पद पर तैनाती दी गई है। वह अभी तक अपर निंबधक (बैंकिंग), सहकारिता के पद पर कार्ररत थे। आईएएस डॉ. रुपेश कुमार को जिलाधिकारी प्रतापगढ़ के पद पर भेजा गया है। वह अभी तक विशेष सचिव, चिकित्सा शिक्षा विभाग के पद पर तैनात थे।
विशेष सचिव, गृह तथा कारागार प्रशासन एवं सुधार विभाग के पद पर तैनात रहे आईएएस भूपेंद्र एस. चौधरी को कुशीनगर जिलाधिकारी के पद पर भेजा गया है। आईएएस अमित सिंह बंसल जो कि विशेष सचिव, चिकित्सा शिक्षा विभाग के पद पर तैनात थे उन्हें बांदा के जिलाधिकारी पद पर भेजा गया है। सहारनपुर के जिलाधिकारी रहे आलोक कुमार पांडेय को विशेष सचिव, चिकित्सा शिक्षा विभाग के पद पर भेजा गया है।
आईएएस राकेश कुमार मिश्रा को जिलाधिकारी कन्नौज के पद पर तैनाती दी गई है। वह अभी तक विशेष सचिव एवं अपर आयुक्त, चीनी एवं गन्ना विकास विभाग के पद पर तैनात थे। आईएएस शिव सहाय अवस्थी जो कि जिलाधिकारी झांसी के पद पर तैनात थे उन्हें विशेष सचिव, अपर आयुक्त, चीनी एवं गन्ना विकास विभाग और गन्ना संस्थान लखनऊ के पद पर तैनात किया गया है।
आईएएस मार्कंडेय शाही को विशेष सचिव, चिकित्सा शिक्षा विभाग के पद पर तैनाती दी गई है। वह अभी तक प्रतापगढ़ के जिलाधिकारी के पद पर तैनात थे। जिलाधिकारी कुशीनगर अनिल कुमार सिंह को विशेष सचिव, गृह और कारागार प्रशासन एवं सुधार विभाग के पद पर तैनाती दी गई है।
जिलाधिकारी बांदा के पद पर रहे आईएएस हीरालाल को अपर प्रबंध निदेशक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन व उत्तर प्रदेश एड्स कंट्रोल सोसाइटी के अपर परियोजना निदेशक के पद पर तैनाती दी गई है।