दुकानदार ने फेंकी पेट्रोल की जलती केन, दो बच्चियां झुलसीं
इटौंजा क्षेत्र में अवैध तरीके से पेट्रोल बेचने वाले दुकानदार की लापरवाही के चलते केन में आग लग गई। उसने जलती हुई केन सड़क पर फेंकी। रास्ते से गुजर रही दो बच्चियां आग की चपेट में आकर झुलस गई।
पिता ने उन्हें सिविल अस्पताल में भर्ती कराया और थाने में तहरीर दी। आरोप है कि केस दर्ज करने के बजाय दो सिपाहियों ने समझौते का दबाव बनाया। पीड़ित ने शनिवार को एसएसपी से शिकायत की है।
इटौंजा के गांव हिम्मतपुर निवासी पप्पू रैदास ने बताया कि उसकी बेटी नैनसी (12) अपनी बहन मानसू (10) को साथ लेकर नौ अप्रैल की शाम गुड्डू पाल की किराने की दुकान से सामान लेने गई थी।
किराने की दुकान में अवैध तरीके से पेट्रोल बेचने वाला गुड्डू एक ग्राहक के लिए पेट्रोल नाप रहा था। इस दौरान पास में जल रहे दीपक से केन में आग भड़क उठी।
पुलिस पर दबाव बनाने की कोशिश
घबराए गुड्डू ने जलती हुई केन सड़क की तरफ फेंकी जो सामान खरीदने पहुंची दोनों बहनों पर जा गिरी। दोनों बच्चियां बुरी तरह से झुलस गईं। आसपास के लोगों ने आग बुझाई।
पप्पू ने झुलसी बच्चियों को इटौंजा थाने ले जाकर कार्रवाई की मांग की। एसओ ने इलाज के बाद रिपोर्ट लिखाने की सलाह देकर टरका दिया। दोनों बच्चियों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
दो हफ्ते बाद भी कार्रवाई न होने पर पप्पू ने शनिवार को एसएसपी से शिकायत की। उसने बताया कि दुकानदार का भाई सचिवालयकर्मी है। उसने अस्पताल जाकर उसे समझौते के लिए धमकाया।
इसके बाद इटौंजा थाने के दो सिपाहियों ने भी समझौते का दबाव बनाया। एसएसपी ने एसओ इटौंजा को कार्रवाई के आदेश दिए हैं।