फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Lucknow News ›   Tribute meeting for Kalyan Singh in Lucknow.

कल्याण सिंह की श्रद्धांजलि सभा: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बोले- कोई भ्रम में न रहे कि हम हैं, हम ही रहेंगे

Tue, 31 Aug 2021 09:42 PM IST
ishwar ashish न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ Published by: ishwar ashish Updated Tue, 31 Aug 2021 09:42 PM IST
सार

लखनऊ में कल्याण सिंह के लिए श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। जिसमें बसपा के महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित भाजपा के बड़े नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

विज्ञापन
Tribute meeting for Kalyan Singh in Lucknow.
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह। - फोटो : amar ujala

विस्तार

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि जो आज हैं वे कल नहीं रहेंगे, जो कल थे वे आज नहीं हैं। उन्होंने कहा कि होने और नहीं होने का यह सिलसिला लगातार चलता रहेगा। इसलिए किसी को इस भ्रम में नहीं रहना चाहिए कि हम हैं, हम ही रहेंगे। राजनाथ भाऊराव देवरस सेवा न्यास की ओर से मंगलवार को आयोजित पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की श्रद्धांजलि सभा को संबोधित कर रहे थे।

विज्ञापन


राजनाथ ने कहा कि कल्याण सिंह ने आरएसएस के मूल्यों और संगठन की ताकत और सरकार के दायित्व को एक धागे में पिरोकर राजनीति की। कल्याण सिंह के साथ एक नेता, बड़े भाई और एक मित्र के रूप में रिश्ता था। उन्होंने कहा कि कल्याण सिंह ने स्वास्थ्य मंत्रालय का दायित्व संभाला तो चर्चा होने लगी थी कि वे एक दिन यूपी के मुख्यमंत्री बनेंगे।
विज्ञापन


उन्होंने कहा कि नकल के खिलाफ कानून को पारित कराकर साबित कर दिया था कि शासन चलाने के लिए जो दृढ़ता चाहिए वह उनमें थी। उन्होंने साबित कर दिया राजनीति सरकार बनाने के लिए नहीं बल्कि समाज बनाने के लिए की जाती है। राजनाथ सिंह ने संस्मरण सुनाते हुए कहा कि कल्याण सिंह उनके साथ ताश भी खेलते थे। विधान परिषद सदस्य चुने जाने पर कल्याण सिंह ने उन्हें अपने सीएम आवास में भी साथ रखा।
विज्ञापन
विज्ञापन


कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, आरएसएस के सर सहकार्यवाह कृष्णगोपाल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, डॉ. दिनेश शर्मा और बसपा के महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा सहित विभिन्न राजनीतिक, सामाजिक और सांस्कृतिक संगठनों की ओर से श्रद्धांजलि दी गई।

विपन्न को संपन्न और पिछड़ों को आगे लाने का संकल्प पूरा करें : कृष्णगोपाल

आरएसएस के सह सरकार्यवाह कृष्णगोपाल ने कहा कि कल्याण सिंह जैसे महान लोग अपने पीछे एक लंबी रेखा छोड़कर जाते हैं। उससे दूर तक प्रकाश रहता है। उस प्रकाश में अपनी प्रगति का मार्ग खोजना चाहिए। उन्होंने कहा कि कल्याण सिंह ने विपन्न को संपन्न बनाने और दूर पिछड़ गए लोगों को उठाने को जो संकल्प है उसे पूरा करना चाहिए, यही उनके प्रति श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने कहा कि कल्याण सिंह ने गांव, गरीब और किसान के दुख को अपनी पैदाइश से समझा था।

छोटे का बड़ा बनना महानता होती है : योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बीज का वृक्ष बनना उसकी उन्नति होती है और छोटे का बड़ा बनना महानता होती है। उन्होंने कहा कि दुनिया में राजनीति की स्वच्छता, पारदर्शिता, मूल्यों एवं आदर्शों के प्रति दृढ़ता एवं समर्पण का भाव जब तक लोकतंत्र में मौजूद रहेगा तब तक कल्याण सिंह के बारे में श्रद्धा और सम्मान का भाव बना रहेगा।

कल्याण सिंह महान नेता थे : स्वतंत्र देव
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि कल्याण सिंह महान नेता थे। कल्याण सिंह सुबह की चाय स्वयं बनाते थे और पूरे स्टाफ को भी पिलाते थे। कल्याण सिंह किसानों और गरीबों पर बहुत ध्यान देते थे। उनका मानना था कि योगी सरकार ने दलितों, पिछड़ों को संभाल लिया है राज्य सुरक्षित है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथ में देश सुरक्षित है।

कल्याण सिंह के सपने को साकार करेंगे : केशव

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि कल्याण सिंह सच्चे देशभक्त और रामभक्त थे। राम मंदिर निर्माण सहित राष्ट्र व समाज के लिए उन्होंने जो भी सपना देखा था उसे अवश्य पूरा करने का संकल्प लेते हैं। उन्होंने कहा कि कोई एक जन्म में एक जन्म का काम करता है, लेकिन कल्याण सिंह ने एक जन्म में हजार जन्म का काम किया।

सिद्धांतों से समझौता नहीं करते थे कल्याण : दिनेश शर्मा
उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि कल्याण सिंह सिद्धांतों से समझौता नहीं करते थे। अलीगढ़ में नकल विहीन परीक्षा को लेकर उन्होंने कहा था कि अपराधियों को सख्त से सख्त सजा दिलाने के लिए उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी धाराएं लगाई जाएं। बैठक को केंद्रीय मंत्री महेंद्रनाथ पांडेय, भाजपा सांसद डॉ. अनिल जैन सहित अन्य लोगों ने संबोधित किया।

अधिवक्ता कल्याण एक्ट लागू कराया : सतीश मिश्रा
बसपा के महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा ने कहा कि कल्याण सिंह निर्णय लेने में देरी नहीं करते थे। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता कल्याण निधि उनके कार्यकाल में ही लागू की गई थी।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed