तीन गुनी स्पीड से दौड़ेंगी यूपी की ट्रेनें, नहीं होंगी लेट!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपी की राजधानी लखनऊ में दिलकुशा से मल्लौर के बीच बने नए पुल पर अगले माह रेल यातायात डायवर्ट किया जाएगा। इससे वर्तमान पुल से जो ट्रेनें महज 30 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से चलती हैं, वे तीन गुना से भी ज्यादा रफ्तार से दौड़ सकेंगी।
ऐसा होने के बाद पूर्वांचल को जाने वाली तमाम ट्रेनों को आउटर पर घंटों खड़ा करने का झंझट खत्म होगा। इस संबंध में उत्तर रेलवे प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। रेलवे आधिकारियों के मुताबिक , दिलकुशा से मल्लौर की ओर गोमती पर बना पुल काफी जर्जर हो चुका है। इसे देखते हुए समानांतर पुल तैयार किया गया है।
मगर कुछ तकनीकी दिक्कतों के चलते ट्रनों का परिचालन शिफ्ट नहीं हो सका था। मगर अब इसके लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं। अगले माह के अंत तक मौजूदा ट्रैक पर ब्लॉक देकर नए ट्रैक को जोड़ा जाएगा।
इससे जो गाड़ियां अभी 30 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से गुजरती हैं, उनकी रफ्तार 90 किलोमीटर प्रति घंटा से भी अधिक हो जाएगी। वहीं आउटर पर गाड़ियों को रोकने की समस्या से छुटकारा मिल जाएगा।
इस रूट के यात्रियों को मिलेगा फायदा
इसका फायदा मुख्य रूप से बाराबंकी, गोरखपुर, गोंडा, फैजाबाद रूट की ट्रेनों के यात्रियों को मिलेगा। रेलवे अफसरों के मुताबिक, मालगाड़ी समेत करीब 90 ट्रेनों को नए ट्रैक से गुजारा जाएगा।
सुल्तानपुर, प्रतापगढ़ और रायबरेली के बीच करीब 148 किलोमीटर लंबे रेल ट्रैक के दोहरीकरण का काम शुरू हो गया है। सूत्रों के मुताबिक, करीब 98 किलोमीटर क्षेत्र में नई पटरियां डाल दी गई हैं। करीब साल भर में यह कार्य समाप्त किया जाना है।
गोमती पर नए ट्रैक से गाड़ियों को गुजारने की तैयारी लगभग पूरी हो गई है। अगले माह के अंत में यह इंतजाम लागू हो जाएगा। इससे पुल पर गाड़ियों की रफ्तार तीन गुना तक बढ़ जाएगी।
राजेश दत्त बाजपेई, सीनियर डीओएम (उत्तर रेलवे)