सपा नेता के घर हुआ हादसा, तीन की मौत
जनरेटर का धुआं लगने से सपा नेता के आर्थिक भवन में बिजली फिटिंग कर रहे तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि तीन को गंभीर अवस्था में लखनऊ स्थित ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। मजदूरों की मौत के बाद इलाके में हलचल मच गई है।
अरवल थाना क्षेत्र के बरगदा पुरवा निवासी सपा के जिला महासचिव वीरेंद्र कुमार सिंह उर्फ वीरे यादव के मकान में बिजली फिटिंग का कार्य चल रहा है। रात में भी मजदूर जनरेटर चला कर काम कर रहे थे और बाद में उसी मकान के कमरे में सो गए।
सुबह मजदूर अचेतावस्था में पड़े मिले। जिला अस्पताल में चिकित्सक ने सांडी थाना क्षेत्र के लडै़तेपुरवा निवासी महेंद्र रैदास(30), कोतवाली देहात क्षेत्र के कंथाथोक निवासी कुलदीप तिवारी, शहर कोतवाली क्षेत्र के आशा नगर निवासी रामजी वर्मा के बेटे राजू(15) को मृत घोषित कर दिया।
सपा नेता बंधक बनाकर कराता था मजदूरी
जबकि अरवल थाना क्षेत्र के उमरौली निवासी विनय(30), अमर पाल(35), महेश(40) की हालत गंभीर देख उन्हें लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।
अफवाह उठी कि तीनों ने जहरीली शराब पी थी। हालांकि इसका जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से खंडन किया। मृतक श्रमिक महेंद्र के भाई हरिनाथ निवासी लडैतेपुरवा ने वीरे पर बंधक बनाकर मजदूरी करने का आरोप लगाया, जिसे सपा नेता ने निराधार बताया।
जिलाधिकारी ने बताया कि तीनों लोगों की मौत बंद कमरे में चल रहे जनरेटर से निकली कार्बन मोनो आक्साइड से होने का मामला सामने आया है। कानपुर से प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम बुलाई गई है। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।