लखनऊ में चोरों ने उड़ाए लाखों के जेवर और नगदी
लखनऊ के गुडंबा क्षेत्र में बुधवार रात चोरों ने एक घर से नगदी-जेवर समेत लाखों का माल पार कर दिया। पीड़ित अजय धवन ने बताया कि घर पर वह और उनकी पत्नी ममता रहते हैं और बच्चे बाहर रहकर पढ़ाई करते हैं।
बुधवार को रात करीब साढ़े दस बजे दोनों लोग खाना खाकर गोमतीनगर निकल गए। 12.30 जब वे लौटकर आए तो घर का दरवाजा खुला था। घर मे घुसे तो सामान बिखरा पड़ा था और घर में रखे 30 हजार रुपए और 2 लाख रुपए के जेवर गायब थे।
पुलिस पर ठीक से जांच न करने का आरोप
पीड़ित ने बताया कि घर के ऊपरी हिस्से में किराएदार रहते हैं लेकिन इस वक्त वे बाहर गए हैं। पीड़ित अजय प्रॉपर्टी डीलर हैं जबकि उनकी पत्नी गृहणी है।
पीड़ित परिवार ने पुलिस पर ठीक से जांच न करने का आरोप लगाया है। वहीं थाना प्रभारी ऋषिकेश यादव ने बताया कि दरवाजा तोड़ा नही गया है बल्कि चोरों ने मास्टर की का इस्तेमाल किया है,जिससे आशंका है की चोरों ने वारदात से पहले रेकी की है और फिर वारदात को अंजाम दिया गया है।