अयोध्याः राम मंदिर की नींव खोदाई में लगेंगे 60 से 70 दिन, एक सप्ताह में फाइनल होगी डिजाइन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र की अध्यक्षता में गुरुवार को सर्किट हाउस में करीब चार घंटे तक चली बैठक में राममंदिर निर्माण की प्रगति, आगे की कार्ययोजना, अयोध्या के समेकित विकास व परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर गहन मंथन किया गया। बैठक में राममंदिर की नींव की ड्राइंग पर मुहर लग गई, जबकि इंजीनियरों ने फाइनल डिजाइन अभी प्रस्तुत नहीं की है। फाइनल डिजाइन में अभी एक सप्ताह से अधिक का समय लग सकता है। नींव के मैटेरियल के बारे में इंजीनियरिंग संस्थाएं विमर्श व शोध कर रही हैं, 15 दिन में इसकी रिपोर्ट आ सकती है।
बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्र ने बताया कि राममंदिर की नींव खोदाई में 60 से 70 दिन लग जाएंगे। उन्होंने बताया कि एलएंडटी व टीसी ने जो रिपोर्ट दी है उसके आधार पर नींव खोदाई का कार्य औपचारिक रूप से गुरुवार को रामलला के गर्भगृह पर पूजन के साथ कर दिया गया है। खोदाई के लिए तीन जेसीबी लगाई गईं हैं। मलबा व मिट्टी उठाने के लिए आठ ट्रैक्टर-ट्रॉली लगाई गईं हैं। अब नींव की भराई के लिए कौन-कौन से मैटेरियल लगेंगे, इस पर उनका अनुसंधान चल रहा है। एक सप्ताह बाद वे नींव की फाइनल डिजाइन प्रस्तुत कर देंगे।
उन्होंने बताया कि एलएंडटी ने नींव की खोदाई के लिए 60 से 70 दिन का समय लिया है। 12 मीटर गहराई तक खोदाई की जाएगी, उसके बाद फाउंडेशन का निर्माण शुरू होगा। मैटेरियल की इंजीनियरिंग पर टाटा व एलएंडटी विचार कर रहे हैं। आईआईटी चेन्नई, दिल्ली, रुड़की के साथ मिलकर वे अपनी रिपोर्ट बनाकर देंगे। उधर 60 से 70 दिनों के भीतर एलएंडटी राममंदिर की नींव में लगने वाले पत्थर की क्वालिटी टेस्टिंग, खरीददारी आदि कार्य ट्रस्ट के इंजीनियरों के साथ मिलकर करेगी। उन्होंने कहा कि पहले नींव का खोदाई कार्य होगा उसके बाद परकोटे का निर्माण किया जाएगा।
सर्किट हाउस में हुई बैठक में ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय उपस्थित नहीं रहे। हालांकि रामजन्मभूमि परिसर स्थित एलएंडटी के कार्यालय में नृपेंद्र मिश्र की अध्यक्षता में हुई बैठक में उनकी उपस्थिति रही। दोपहर हुई बैठक में ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि, विहिप के संगठन मंत्री दिनेश चंद्र, राममंदिर के आर्किटेक्ट आशीष सोमपुरा, निखिल सोमपुरा, रामजन्मभूमि के सुरक्षा सलाहकार केके शर्मा सहित टाटा, एनएंडटी व अन्य एजेंसियों के इंजीनियर मौजूद रहे।
अयोध्या के समेकित विकास पर भी हुई चर्चा
रामजन्मभूमि परिसर में प्रस्तावित प्रकल्पों के निर्माण के साथ-साथ अयोध्या के समेकित विकास को लेकर भी बैठक में चर्चा की गई। बैठक में मंडलायुक्त एमपी अग्रवाल, राममंदिर के ट्रस्टी जिलाधिकारी डॉ. अनुज कुमार झा सहित नगर निगम व विकास प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ रामजन्मभूमि परिसर सहित अयोध्या के समेकित विकास पर भी मंथन किया गया। मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र व ट्रस्टियों की मौजूदगी में अधिकारियों ने राममंदिर की गरिमा के अनुकूल अयोध्या के विकास को लेकर तैयार की जा रही योजनाओं के बारे में चर्चा की। राममंदिर निर्माण के समानांतर अयोध्या के विकास पर भी फोकस है।
एलएंडटी व टीसी के इंजीनियर देंगे प्रजेंटेशन
राममंदिर निर्माण समिति की बैठक शुक्रवार को भी सर्किट हाउस में ही होगी। ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्र ने बताया कि दूसरे दिन की बैठक में तकनीकी विशेषज्ञ राममंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र के समक्ष अब तक हुए कार्य का विवरण प्रस्तुत करेंगे। साथ ही आगे के तीन माह के मास्टर प्लान पर चर्चा होगी। तय प्लान के अनुसार आगे काम बढ़ेगा।
रामजन्मभूमि परिसर में बढ़ेगा अर्द्धसैनिक बल की टुकड़ी का दायरा
मंदिर निर्माण समिति की बैठक में रामजन्मभूमि की सुरक्षा को लेकर भी पुलिस अधिकारियों के साथ चर्चा की गई। ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्र ने बताया कि रामजन्मभूमि के सुरक्षा सलाहकार केके शर्मा की मौजूदगी में जिले के डीआईजी/एसएसपी दीपक कुमार ने मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र के समक्ष परिसर की सुरक्षा का नया प्लान प्रस्तुत किया है। इसके तहत रामजन्मभूमि परिसर में तैनात अर्धसैनिक बल की टुकड़ी का दायरा बढ़ाया जा सकता है। बैठक में शामिल एसपी सुरक्षा पंकज पांडेय ने बताया कि मंदिर निर्माण को लेकर परिसर की सुरक्षा में बदलाव स्वाभाविक है। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नया सुरक्षा प्लान तैयार किया जा रहा है।