शिक्षकों पर बड़ा फैसला, तबादले पर लगी रोक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बेसिक शिक्षा परिषद ने जिलों के अंदर परिषदीय स्कूलों के शिक्षकों के तबादले पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। बेसिक शिक्षा परिषद के सचिव संजय सिन्हा ने बेसिक शिक्षा अधिकारियों को निर्देश भेज दिया है।
उन्होंने कहा है पंचायत चुनाव के चलते शिक्षकों का तबादला नहीं किया जा सकता। लेकिन जानकारों की मानें तो हाईकोर्ट से शिक्षामित्रों का समायोजन रद्द किए जाने की वजह से तबादले पर रोक लगाई गई है। शासन चाहता है कि शिक्षामित्रों के मामले में समाधान निकलने तक तबादला न किया जाए।
राज्य सरकार प्रत्येक वर्ष जिले के अंदर शिक्षकों के तबादले की नीति लेकर आती है। इस बार तबादला नीति लाते हुए शिक्षकों को मनचाहे स्कूलों में तैनाती देने की व्यवस्था थी।
पहले ये जारी हुए थे आदेश
बेसिक शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिया गया था कि शिक्षकों से तीन स्कूलों के विकल्प के आधार पर आवेदन लेते हुए 19 सितंबर तक तबादले की प्रक्रिया पूरी कर ली जाए।
बेसिक शिक्षा अधिकारी यह प्रक्रिया पूरी कर पाते इससे पहले हाईकोर्ट ने शिक्षामित्रों का शिक्षक पद पर किया गया समायोजन रद्द कर दिया। इसके अलावा प्रदेश में पंचायत चुनाव की प्रक्रिया भी तेजी से बढ़ी है।
बेसिक शिक्षा परिषद के सचिव ने बेसिक शिक्षा अधिकारियों को भेजे निर्देश में कहा है कि अगले आदेश तक तबादले की प्रक्रिया रोक दी जाए। अगले आदेशों तक जिले के अंदर किसी भी शिक्षक का तबादला नहीं होगा।