यूपी: पुरानी पेंशन के लिए शिक्षकों ने सोशल मीडिया पर चलाया अभियान, काली पट्टी बांधकर मनाएंगे शिक्षक दिवस
यूपी में पुरानी पेंशन के लिए शिक्षकों ने सोशल मीडिया पर अभियान चलाया। काली पट्टी बांधकर शिक्षक दिवस मनाने का एलान किया है। ये लोग विज्ञापन के आधार पर वंचित बेसिक शिक्षकों के लिए पुरानी पेंशन की मांग कर रहे हैं। आगे पढ़ें पूरी खबर...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
यूपी में शिक्षकों ने शुक्रवार को प्रदेशव्यापी सोशल मीडिया पर अभियान चलाया। यह अभियान विशिष्ट बीटीसी शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन के आह्वान पर 1 अप्रैल 2005 के पूर्व विज्ञापित एवं बाद में नियुक्त बेसिक शिक्षकों को पुरानी पेंशन का लाभ दिलाने के लिए चलाया गया। विभिन्न जिलों में शिक्षकों ने ट्विटर, फेसबुक, इंस्टाग्राम प्लेटफॉर्म पर अपनी बात रखी।
एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संतोष तिवारी ने कहा कि प्रदेश के हजारों शिक्षक लंबे समय से अपने न्यायसंगत अधिकार की प्रतीक्षा कर रहे हैं। मुख्यमंत्री द्वारा सदन में सकारात्मक आश्वासन और प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात के दौरान मिले भरोसे के बाद शिक्षकों को शासनादेश जारी होने की उम्मीद थी। अब समय आश्वासन का नहीं, बल्कि उस आश्वासन को शासनादेश में बदलने का है। सरकार जल्द निर्णय लेकर बेसिक शिक्षकों को न्याय दे।
सीएम ने पुरानी पेंशन से आच्छादित करने की बात कही थी
प्रदेश महासचिव दिलीप चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री ने विधानसभा सदन में 1 अप्रैल 2005 के पूर्व विज्ञापित पदों पर नियुक्त शिक्षक-कर्मचारियों को पुरानी पेंशन से आच्छादित करने की बात कही थी। इसके बावजूद लगभग दो वर्ष बीतने के बाद भी बेसिक शिक्षकों को इसका लाभ नहीं मिला। ना ही कोई शासनादेश जारी हुआ।
उन्होंने कहा कि करीब 50 हजार बेसिक शिक्षक और उनका परिवार आज भी अपने अधिकार की प्रतीक्षा में हैं। शिक्षकों की स्पष्ट मांग है कि विज्ञापन एक, भर्ती एक तो पेंशन भी एक की भावना के अनुरूप शीघ्र शासनादेश जारी कर उन्हें पुरानी पेंशन से आच्छादित किया जाए।
काली पट्टी बांधकर शिक्षक दिवस मनाएंगे
प्रदेश मीडिया प्रभारी विनीत सिंह व सुशील रस्तोगी ने कहा कि कल काली पट्टी बांधकर शिक्षक दिवस मनाएंगे। विज्ञापन के आधार पर वंचित बेसिक शिक्षकों के लिए पुरानी पेंशन की मांग उठाएंगे। प्रदेशव्यापी अभियान में प्रदेश मीडिया प्रभारी विनीत सिंह, सुशील रस्तोगी, शालिनी मिश्रा, अरुण कुमार, शशि प्रभा सिंह, राकेश तिवारी, धीरज राय, संजय मौर्य आदि शामिल रहे।