शहर में डेंगू अलर्ट: यहां जानें लक्षण और बचाव
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
डेंगू की दस्तक के बाद सिविल, बलरामपुर और लोहिया समेत दूसरे अन्य अस्पतालों में अलर्ट जारी कर दिया गया है। सीएमओ द्वारा जारी सर्कुलर में सभी अस्पतालों में बेड आरक्षित करने के साथ साफ-सफाई रखने का आदेश दिया गया है।
अलर्ट जारी होने के तुरंत बाद लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी में आठ बेड डेंगू वार्ड के लिए रिजर्व कर दिया गया है। इसी तरह बलरामपुर अस्पताल और सिविल अस्पताल में दस बेड नेत्र रोग वार्ड में आरक्षित कर दिया गया है।
प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि साफ सफाई के लिए कर्मचारियों को आदेश जारी कर दिया गया है। मच्छरजनित रोगों से बचाव के लिए अधिकारियों ने नगर निगम को पत्र लिखकर अस्पताल परिसर में फॉगिंग और एंटीलार्वा छिड़काव कराने के लिए कहा है।
बुखार और डायरिया के मरीजों की भारी भीड़ के बाद अस्पताल की पैथोलॉजी में भी अलर्ट जारी कर दिया गया है। अस्पतालों में मरीजों की जांच के लिए विशेष व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।
‘सरकारी अस्पतालों को सर्कुलर जारी कर व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए कहा गया है। डेंगू के लिए वार्ड आरक्षित करने का निर्देश दिया गया है। डेंगू मरीजों को बेहतर इलाज मिल सके इसके लिए पूरे इंतजाम हैं। बुखार के संदिग्ध मरीजों की खून की जांच को जरूरी कर दिया गया है।’
डॉ. एसएनएस यादव, सीएमओ, लखनऊ
यहां जानें लक्षण, बचाव और खान-पान
डेंगू के प्रमुख लक्षणों में त्वचा का लाल होना और चकत्ते पड़ना,नाक और मसूड़ों से खून निकलना,बार-बार उल्टी आना, गला जाम होना,त्वचा खुरदरी होने के साथ रूखी पड़ जाना,कमजोरी के साथ सुस्ती और नींद आना, आंखों में पानी आना और लाल होना वगैरह शामिल हैं।
बचाव के लिए साफ-सुथरा खाना खाएं।
मच्छरदानी में सोएं खासकर दिन के वक्त।
बारिश का पानी इकट्ठा न होने दें।
बुखार में हाई डोज इंजेक्शन न लें।
फुल स्लीव की शर्ट पहनें।
क्या खाएं
फल नियमित रूप से खाएं।
ताजे फलों का जूस पिएं।
सूप और दूध ज्यादा लें।
क्या न करें
बुखार में बाहर का भोजन न करें।
तली-भुनी चीजों से बचें।
बासी और खुले में रखा खाना न खाएं।
बुखार में गाड़ी न चलाएं।