सेमीफाइनल में हार के बाद यूपी में कई दर्दनाक आत्महत्याएं
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
क्रिकेट विश्वकप के सेमीफाइनल मुकाबले में गुरुवार को टीम इंडिया की शर्मनाक हार से व्यथित पड़वा नसीरपुर गांव के मोहित पांडेय (16) ने मैच खत्म होने के कुछ देर बाद ही फांसी लगा जान दे दी।
मोहित पांडेय पुत्र फूलचंद्र उर्फ गोविंद पांडेय क्रिकेट का दीवाना था। गुरुवार को वह अपने घर में इंडिया और आस्ट्रेलिया के बीच हो रहे मुकाबले को देख रहा था। पूरे समय तक वह टीवी से चिपका रहा। टीम इंडिया को हारते देख वह काफी विचलित हो गया।
जैसे ही सेमीफाइनल मुकाबले में टीम इंडिया को करारी शिकस्त मिली वह टीवी बंद कर खेत की ओर चला गया। परिजनों की मानें तो टीम इंडिया की हार के बाद वह सदमे में दिखा। खेत में नीलगाय भगाने के लिए लगाई गई धोती खोली और एक पेड़ की डाल से झूल गया।
कुछ देर बाद लोग उधर गए तो उनकी नजर उसके लटकते शव पर पड़ी। शोर शराबा सुनकर आसपास के लोगों के साथ ही परिजन भी मौके पर पहुंचे।
सदमे से वृद्ध क्रिकेट प्रेमी की मौत
वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में भारत की हार ककरौली निवासी एक क्रिकेट प्रेमी सहन नहीं कर सका। कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के रनआउट होते ही उसके सीने में तेज दर्द उठा। कुछ देर बाद ही उसने दम तोड़ दिया।
ककरौली कसबे में क्रिकेट प्रेमी मोहब्बत अली (60) को क्रिकेट की दीवानगी थी। गुरुवार को वह एक दुकान पर मैच देख रहा था। जैसे ही कप्तान धोनी आउट हुए, मोहब्बत के सीने में अचानक तेज दर्द उठने लगा। कुछ लोगों ने उसे घर तक पहुंचाया। कुछ ही देर में मोहब्बत की मौत हो गई।
हालांकि यह आत्महत्या का केस नहीं है लेकिन फिर भी मौत की वजह क्रिकेट मैच में भारत की करारी हार ही है।
युवक कुएं में कूदा, जान बची
विश्व कप के सेमीफाइनल मैच में टीम इंडिया की हार मायूस एक प्रशंसक ने कुएं में कूद कर जान देने की कोशिश की। ग्रामीणों ने उसे सीएचसी गोपीगंज में भर्ती कराया, है। सुरियावां थाना क्षेत्र के अमिलहरा गांव का मुन्ना बिंद (28) पुत्र महादेव भी मैच देख रहा था।
टीम इंडिया की हार के बाद लोग आपस में चर्चा कर ही रहे थे कि मुन्ना ने पास के कुएं में छलांग लगाकर जान देने का प्रयास किया। लोग आनन-फानन में रस्सी के सहारे कुएं में उतरे और उसे बाहर निकाला। सीएचसी में भर्ती कराया।
अभी उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। माना जा रहा है कि वह जिंदगी और मौत के बीच चल रही इस जंग को जीत सकता है।
बिल्डिंग से कूदकर दी जान
क्रिकेट वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल मैच में जैसे ही भारतीय टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी रन आउट हुए, बापू भवन की सातवीं मंजिल पर स्थित एक कमरे में मैच देख रहे सचिवालय के अनुसेवक (चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी) उमेश चंद्र जायसवाल (42) का दिल धक हो गया।
इसके बाद एक के बाद एक विकेट गिरते चले गए। कमरे में टीवी पर मैच देख रहे सभी लोग निराश हो गए। उमेश चुपचाप उठा और खुद को टॉयलेट में बंद कर लिया। इसके बाद टॉयलेट की खिड़की से उमेश ने छलांग लगा दी। नीचे गिरते ही उसका सिर फट गया और चारों तरफ खून बिखर गया।
टीम इंडिया की हार से खामोश बापू भवन में अचानक शोर-शराबा होने लगा। सूचना पाकर आई पुलिस ने उमेश के पास से मिले परिचयपत्र से पहचान की। रिश्तेदारों का कहना है कि उमेश ने टीम इंडिया की जीत पर बड़ा दांव लगाया था। सट्टा हारने पर उसने आत्महत्या कर ली।