बैंकिंग की तैयारी कर रहे छात्र की गोली मारकर हत्या
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अलीगंज के डंडइया स्थित मानस बॉयज हॉस्टल में रहकर बैंकिंग परीक्षा की तैयारी कर रहे स्वदीप मिश्रा (22) की रविवार रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। स्वदीप के चाचा अखिलेश ने हॉस्टल मालिक व पूर्व पार्षद संजय मिश्रा के भाई विजय उर्फ रिंकू मिश्रा व आबकारी सिपाही दीपक तिवारी पर हत्या का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई है।
उनका कहना है कि आपस में झगड़े के बाद रिंकू ने आबकारी सिपाही की लाइसेंसी रिवॉल्वर से स्वदीप के सिर पर गोली मार दी। पुलिस ने दोनों को पकड़कर रिवॉल्वर बरामद कर ली है।
मूल रूप से वाराणसी के कपसेठी निवासी स्वदीप दो महीने पहले हॉस्टल के रूम नंबर 31 में रहने आया था। बैंक परीक्षा की तैयारी के लिए वह महानगर की एक कोचिंग जॉइन में पढ़ रहा था।
पुलिस के मुताबिक ,रविवार सुबह उसके चाचा अखिलेश हॉस्टल आए थे। रात करीब दस बजे स्वदीप शराब के नशे में हॉस्टल लौटा और कमरे में चला गया। कुछ मिनट बाद रिंकू और दीपक भी कमरे में आ गए।
दोनों की स्वदीप से किसी बात पर बहस हुई और गाली-गलौज व झगड़ा शुरू हो गया। रिंकू ने दीपक की लाइसेंसी रिवाल्वर लेकर स्वदीप को गोली मार दी। गोली स्वदीप के सिर के पिछले हिस्से में लगी और ऊपर से निकल गई।
उस वक्त स्वदीप के चाचा अखिलेश और रूम पार्टनर फैजाबाद निवासी त्रिदेव सिंह हॉस्टल परिसर में ही थे। दोनों कमरे की तरफ दौड़े तो रिंकू मिश्रा को रिवॉल्वर लेकर दीपक के साथ भागते हुए देखा।
छिन गया परिवार का सहारा
स्वदीप के पिता राजेश मिश्रा किसान हैं। रात करीब 11 बजे उन्हें बेटे की हत्या की खबर मिली तो पैरों तले जमीन खिसक गई। मां नीलम बेहोश होकर गिर पड़ीं। राजेश ने बताया कि स्वदीप उनका एकलौता बेटा था।
इसके अलावा उनके दो बेटी प्रिंयंका और गुड़िया हैं। स्वदीप की मौत ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया है। उन्होंने कहा कि स्वदीप पूरे परिवार की उम्मीद थी। राजेश का कहना है कि बेटे की हत्या की जानकारी पर वह हॉस्टल पहुंचे जहां पता चला कि रिंकू और दीपक उनके बेटे के कमरे में बैठकर शराब पीने का दबाव बना रहे थे।
स्वदीप ने मना किया तो वह गाली-गलौज करने लगे। स्वदीप ने कमरा बंद कर लिया तो रिंकू भड़क उठा। दीपक की रिवॉल्वर से हवाई फायर कर उसने जबरन दरवाजा खुलवा लिया।
दोनों भीतर बैठकर शराब पीने लगे। स्वदीप ने फिर उसे टोका तो रिंकू ने गोली मार दी। हालांकि, पुलिस हत्या के पीछे कोई और विवाद मान रही है। पुलिस का कहना है कि प्रेम प्रसंग और अन्य विवादों की भी पड़ताल की जा रही है।
स्वदीप की हत्या का आरोपी विजय मिश्रा उर्फ रिंकू के पिता अशोक मिश्रा भाजपा नेता हैं और पार्षद रह चुके हैं। उसका भाई संजय भी पूर्व पार्षद रहा है। डंडइया मार्केट के दुकानदारों से रिंकू वसूली भी करता है।
बीते नगर निगम चुनाव में संजय मिश्रा हार गया और प्रकाश गुप्ता पार्षद बने। तबसे रिंकू उससे दुश्मनी मानने लगा। करीब दो साल पहले इसी रंजिश के चलते रिंकू ने वर्तमान पार्षद के साथ मारपीट की थी।
एक बार घर के बाहर खड़ी कार में भी तोड़फोड़ की। छह साल पहले डालीगंज क्रॉसिंग स्थित पेट्रोलपंप पर उसने फायरिंग की थी। इसमें भी एफआईआर दर्ज हुई थी। रिंकू पर हत्या की कोशिश, लूट, मारपीट सहित कई मामले दर्ज हैं।
हॉस्टल में दहशत, कई छात्रों ने कमरे छोड़े
किसी ने कहा, हाय मार डाला। वह लोग मौके पर पहुंचे तो स्वदीप को खून से लथपथ पड़ा देखा। अस्पताल के चिकित्सकों ने बताया कि युवक के सिर का पिछला हिस्सा क्षत-विक्षत था।
चिकित्सकों के पूछताछ करने पर हॉस्टल के लोगों ने बताया कि वह छत से गिरकर घायल हो गया है। उधर, दहशत के चलते कई छात्रों ने हॉस्टल छोड़ दिया।
वारदात के वक्त स्वदीप का रूम पार्टनर त्रिदेव सिंह कमरे में ही था।
उसने बताया कि रिंकू और दीपक नशे में धुत थे। वह कमरे में आकर स्वदीप से गाली-गलौज करने लगे। विरोध पर उसे गोली मार दी। त्रिदेव ने कहा कि रिंकू काफी दबंग है। रिंकू ने जब स्वदीप को गोली मारी तो त्रिदेव दहशत के चलते दुबक गया।