सुना है क्या: 'पदाधिकारी या आफत' की कहानी, साथ ही 'मैडम का खामोश टूर और तबादले से साहब हुए खुश' के किस्से
यूपी के राजनीतिक गलियारे और प्रशासन में तमाम ऐसे किस्से हैं, जो हैं तो उनके अंदरखाने के... लेकिन, चाहे-अनचाहे बाहर आ ही जाते हैं। ऐसे किस्सों को आप अमर उजाला के "सुना है क्या" सीरीज में पढ़ सकते हैं। तो आइए पढ़ते हैं इस बार क्या है खास...
विस्तार
यूपी के राजनीतिक गलियारे और प्रशासनिक गलियों में आज तीन किस्से काफी चर्चा में रहे। चाहे-अनचाहे आखिर ये बाहर आ ही जाते हैं। इन्हें रोकने की हर कोशिश नाकाम होती है। आज की कड़ी में 'पदाधिकारी या आफत' की कहानी। इसके अलावा 'मैडम का खामोश टूर' और 'तबादले से साहब हुए खुश' के किस्से भी चर्चा में रहे। आगे पढ़ें, नई कानाफूसी...
पदाधिकारी या आफत
एक बड़े दल में ऐसे चेहरे को पदाधिकारी बना दिया गया जिसने कुछ समय पहले अपने बयानों से बवाल करा दिया था। तनातनी कुछ इस कदर हो गई थी कि खाकी के मुख्यालय में बड़े नेता ने अफसरों को घुटने टेकने को मजबूर कर दिया था। हालात इतने नाजुक थे कि मामला बढ़ने पर जाने क्या हो जाता। खैर उस दौरान सभी ने समझदारी से काम लेकर हालात संभाल लिए थे। अब उनकी ताजपोशी ने खुद के दल में ही हलचल मचा दी है। सुना है कि उनके विरोधी कहने लगे हैं कि जाने कब मूड सनक जाए और खुद के हाथ जलने की नौबत आ जाए।
मैडम का खामोश टूर
एक पड़ोसी राज्य के वजीर-ए-आला की मैडम इन दिनों यूपी में खूब पर्यटन कर रही हैं। वे बड़ी ही खामोशी से यहां आती हैं। अपने प्रोजेक्ट्स से जुड़े लोगों से मिलती हैं। इस दौरान आम तौर पर सजातीय नेता, अफसर और कारोबारी ही उनसे मिलते हैं। ..फिर उतनी ही खामोशी से मैडम वापस चली जाती हैं। वहीं, उनसे मिलने वाले कुछ बड़बोले नेता इधर-उधर यह जरूर बोल रहे हैं कि अपनों को अपने ही तो आगे बढ़ाते हैं।
तबादले से साहब हुए खुश
युवाओं से जुड़े एक सरकारी विभाग में तैनाती मिलते ही साहब का उत्साह कुछ महीनों में ठंडा पड़ गया। वजह बताई जा रही है सुविधाओं की कमी। मजबूरन शासन तक गुहार लगाई। कई बार पत्र भी लिखे, लेकिन बात नहीं बनी। धीरे-धीरे विभागीय कामकाज से साहब का मन भी उचट गया, जिसका जिक्र उन्होंने साथियों से भी किया। आखिरकार तबादला सूची में दूसरे विभाग की जिम्मेदारी मिल गई। अब साहब की खुशी देखते ही बनती है और उन्होंने मन लगाकर काम करना भी शुरू कर दिया है।
