यूपी: एनडीए में सहयोगी दलों की रार खुलकर आई सामने, ओपी राजभर ने दिखाए तेवर; मुख्यमंत्री से की मुलाकात
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले एनडीए के सहयोगी दलों के बीच सीटों को लेकर मतभेद सामने आए हैं। ओपी राजभर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर आजमगढ़ की सीटों पर दावा जताया। उनकी पार्टी करीब 36 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी में है। निषाद पार्टी भी दावेदारी कर रही है।
विस्तार
विधानसभा चुनाव से पहले एनडीए के घटक दलों सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी और निषाद पार्टी के बीच रार अब खुलकर सामने आ गई है। आजमगढ़ में अपनी जमीन तैया कर रही सुभासपा ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं।
मंगलवार को पार्टी अध्यक्ष ओपी राजभर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर अपना पक्ष रखा। सूत्रों के मुताबिक, उन्होंने आजमगढ़ की कई सीटों पर दावा किया है। सीएम से मुलाकात के दौरान पार्टी के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव डॉ. अरविंद राजभर और राष्ट्रीय महासचिव एवं मुख्य प्रवक्ता अरुण राजभर भी मौजूद थे।
सूत्रों के मुताबिक पार्टी करीब 36 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारने की तैयारी में है। आजमगढ़ की अतरौलिया सीट पर निषाद पार्टी की जगह सुभासपा अपना प्रत्याशी उतारने की तैयारी में है जिसका संजय निषाद विरोध कर रहे हैं।
इससे पहले अपने बयान में ओपी राजभर ने संजय निषाद का नाम लेकर कहा कि टिकट वितरण का फैसला भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह द्वारा लिया जाएगा। उन्होंने दावा किया है कि अतरौलिया सीट पर उनके अधिक वोट हैं जिसकी वजह से अब वह पीछे नहीं हटेंगे।
10 सीटों पर नजर
सूत्रों के मुताबिक ओपी राजभर अतरौलिया सीट पर अपने बेटे अरुण राजभर के लिए टिकट चाहते हैं। इतना ही नहीं, उनकी नजरें आजमगढ़ की सभी 10 विधानसभा सीटों पर है जिसके लिए उन्होंने प्रचार भी शुरू कर दिया है। इसमें आजमगढ़ लोकसभा क्षेत्र की 5 और लालगंज लोकसभा क्षेत्र की पांच सीटें शामिल हैं। इन सीटों पर निषाद वोट भी बहुतायत में है जिसकी वजह से निषाद पार्टी भी कई सीटों पर अपना दावा कर रही है।
