यूपीः सरकारी अस्पतालों में विशेष जांचें भी होंगी मुफ्त
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सरकारी अस्पतालों में इलाज करा रहे मरीजों को अब विशेष जांचों के लिए भी बाहर नहीं भटकना पड़ेगा। सरकार सभी प्रकार की जांचों की व्यवस्था अस्पताल में ही करने जा रही है। मरीजों को विशेष जांचों के लिए एक भी पैसा खर्च नहीं करना पड़ेगा।
इनके लिए सरकार निजी पैथालॉजी से करार करने जा रही है। सरकार ने शुरुआत में इसके लिए प्रदेश के 35 जिला चिकित्सालयों को चुना है।अब तक जिला अस्पतालों की पैथालॉजी में सिर्फ बेसिक जांचें ही होती हैं।
ऐसे में मरीजों को जब भी विशेष जांचों की आवश्यकता होती है तो डॉक्टर उन्हें बाहर से टेस्ट कराने के लिए लिखते हैं। मरीजों को यह टेस्ट बाहर बहुत महंगे पड़ते हैं।
इसी के मद्देनजर सरकार ने अब 160 प्रकार की विशेष जांचों की सुविधा इन अस्पतालों में मुहैया कराने का निर्णय किया है। इसके लिए सरकार टेंडर करने जा रही है। सरकार इन जांचों के लिए टेंडर उसे देगी जो सेंट्रल गवर्मेंट हेल्थ स्कीम (सीजीएचएस) की रेट लिस्ट से सबसे कम पर जांच करने के लिए तैयार होगा।
पैथालॉजी को अपनी एक प्रयोगशाला जिला अस्पताल में ही खोलनी होगी। साथ ही ऐसी जांच जो वहां नहीं हो सकती है उसके लिए उन्हें कलेक्शन सेंटर खोलना होगा। सैंपल लेने के बाद उसकी जांच रिपोर्ट अस्पताल में ही पहुंचानी होगी।
स्वास्थ्य विभाग ने चयनित 35 अस्पतालों के लिए आठ क्लस्टर बनाए हैं। प्रत्येक क्लस्टर में आसपास के तीन से लेकर पांच अस्पताल रखे गए हैं। सरकार ने प्रत्येक क्लस्टर में टेंडर डालने के लिए आठ से 18 लाख रुपये की सिक्योरिटी निर्धारित की है।टेंडर होने के बाद मरीजों की अस्पताल में ही जांच हो सकेगी।
इन अस्पतालों में मिलेगी मुफ्त जांच की सुविधा
उर्सला हार्समैन मेमोरियल हॉस्पिटल, कानपुर, संयुक्त जिला अस्पताल कन्नौज, जिला अस्पताल (पुरुष) हमीरपुर, मैनपुरी, फतेहपुर, बांदा, झांसी और संयुक्त जिला अस्पताल इटावा। इसके अलावा जिला अस्पताल (महिला) आगरा, पं दीन दयाल उपाध्याय संयुक्त अस्पताल अलीगढ़, संयुक्त जिला अस्पताल गौतमबुद्धनगर।
वृंदावन हास्पिटल मथुरा,जिला अस्पताल (पुरुष) गोरखपुर,संयुक्त जिला अस्पताल कुशीनगर, जिला अस्पताल (पुरुष) फैजाबाद,जिला अस्पताल (पुरुष) बहराइच, ओपेक हॉस्पिटल बस्ती, जिला अस्पताल (पुरुष) गोंडा, महात्मा ज्योतिबा फूले संयुक्त अस्पताल अंबेडकरनगर।
जिला अस्पताल (पुरुष) सुलतानपुर, एसबीडी जिला अस्पताल (पुरुष) सहारनपुर,जिला अस्पताल (महिला) सहारनपुर,जिला अस्पताल (महिला) मेरठ,जिला अस्पताल (महिला) मुजफ्फरनगर।
जिला पुरुष अस्पतालों बरेली,रामपुर, मुरादाबाद, बदायूं, मिर्जापुर,इलाहाबाद को शामिल किया गया है। संयुक्त जिला अस्पताल जौनपुर,टीबी सप्रू हॉस्पिटल,इलाहाबाद,पंडित दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल, वाराणसी, जिला अस्पताल (महिला) उन्नाव और जिला अस्पताल (महिला) आजमगढ़ में भी मरीजों की मुफ्त जांच हो सकेगी।