सीएम योगी ने फिर दिया आदेश, मेरे लिए दौरों पर न लगाएं एसी और लाल कालीन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जिलों के दौरों में रंग विशेष के तौलिए, लाल कालीन, खास किस्म के सोफे व एसी आदि लगाए जाने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त नाराजगी जताई है।
मुख्यमंत्री ने अफसरों को हिदायत दी है कि उनके दौरे के लिए ऐसे कोई खास इंतजाम न किए जाएं जिससे दिखावटीपन झलके। साथ ही ऐसा कुछ भी न करने की हिदायत दी गई है जिससे आम जनता को असुविधा हो।
पिछले दिनों देवरिया और गोरखपुर में शहीद सैनिकों के परिवार वालों से मिलने गए सीएम योगी के लिए जिला प्रशासन केअधिकारियों ने उनके घरों पर लाल कालीन, सोफा और एसी आदि लगवा दिए थे। इसे लेकर सरकार की आलोचना भी होने लगी थी।
यही नहीं जिलों के दौरे में सीएम के लिए खास तौर पर भगवा रंग के तौलिए तक की व्यवस्था की जाती है। योगी ने अफसरों द्वारा किए जाने वाले इस तरह के खास इंतजामों पर खासी नाराजगी जताई है।
पत्र भेजकर दी हिदायत
मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव एस.पी. गोयल ने सभी अपर मुख्य सचिवों, प्रमुख सचिवों, सचिवों, मंडलायुक्तों, जिलाधिकारियों व पुलिस कप्तानों को बाकायदा पत्र भेजकर मुख्यमंत्री के जिलों के दौरों के दौरान कोई विशेष इंतजाम न किए जाने की सख्त हिदायत दी है।
पत्र में देवरिया व गोरखपुर शहीद जवानों के परिवार से मुलाकात के लिए जाने के दौरान किए गए इंतजामों का जिक्र करते हुए गोयल ने कहा है कि मुख्यमंत्री ने इस पर सख्त नाराजगी जाहिर की है और निर्देश दिए हैं कि भविष्य में इसकी पुनरावृत्ति न की जाए।
गोयल ने कहा कि पहले भी सीएम की ओर से निर्देश दिए जा चुके हैं कि उनके जिलों के दौरे में कोई विशेष इंतजाम न किए जाएं लेकिन इसके बाद प्रशासन द्वारा खास रंग के तौलिए, लाल कालीन, खास तरह के सोफे व एसी आदि का इस्तेमाल किया जा रहा है। भविष्य में कोई विशेष व्यवस्था न की जाए।