‘अमर सिंह ने एक महिला के साथ मिल कर कराया काला जादू’
यूं तो जादू-टोने और तंत्र-मंत्र की धारणाएं वैज्ञानिक तर्कों के आगे टिकती नहीं, पर मुलायम के सियासी कुनबे में मचे बवाल के पीछे पार्टी के हमदर्द इसी को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। सपा और सरकार में अहम ओहदों पर बैठे लोग भी निजी बातचीत में काला जादू का जिक्र कर रहे हैं।
उनका कहना है कि परिवार के कुछ खास लोगों से मिलकर अमर सिंह ने ऐसा जादू कराया है कि या तो ठीक निर्णय नहीं हो पा रहे हैं या फिर उन पर अमल करते वक्त व्यवधान पैदा हो रहा है।
हाल ही में सपा एमएलसी उदयवीर सिंह ने चिट्ठी में अखिलेश के समीकरण खराब करने के लिए काला जादू और तंत्र-मंत्र का सहारा लेने की बात कही गई थी। पर, उसके पहले से ही सपा से जुड़े क्या आम और क्या खास, सभी की जुबान पर यह बात रही है।
राजधानी में अति विशिष्ट माने जाने वाले विक्रमादित्य मार्ग पर टहल रहे एक दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री कहते हैं, ‘आप (संवाददाता) क्या सोचते हैं, यह झगड़ा ऐसे ही हो रहा है। अमर सिंह ने परिवार की एक महिला से मिलकर काला जादू करा दिया है।
काले जादू ने परिवार पर बढ़ाया शनि देव का प्रभाव
कौन नहीं जानता इस सच्चाई को।’ फिर वह कहते हैं, मेरे हवाले से कुछ न छाप दीजिएगा, वरना कहीं का नहीं रहूंगा। हां, अगर दोनों पक्षों में समझौता हो जाए तो मेरा बयान छापने के लिए प्लीज फोन जरूर कर लीजिएगा।
मुलायम परिवार के एक खास रिश्तेदार पहचान उजागर न करने के अनुरोध के साथ बताते हैं कि पिछले साल भर में घर के अंदर तंत्र-मंत्र और पूजा-पाठ का इतना सामान गया है कि झगड़ा सार्वजनिक होने से पहले ही उसके चर्चे होने लगे थे।
फिर, गंभीर मुद्रा अपनाते हुए वह यह भी बताते हैं कि इस काले जादू का काट तो ढूंढना ही पड़ेगा, वरना घर में शांति नहीं आएगी। काले जादू ने परिवार पर शनि देव का प्रभाव बढ़ा दिया है।