चुनावी रंजिश में सपा नेता की गोली मारकर हत्या, तीन और पर हमले
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
काकोरी के नटखौरा गांव में रविवार देर शाम दोना गांव की प्रधान शीबा के पति और सपा अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के पूर्व जिला उपाध्यक्ष असलम (45) की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने असलम को फोन कर बहाने से बुलवाया था।
मारपीट की सूचना मिलते ही उसके भाई सगीर, शमीम और मुन्ना मौके पर पहुंचे तो बांके से हमला कर उन्हें भी लहूलुहान कर दिया। तीनों को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया जहां सगीर और शमीम की हालत गंभीर बताई जा रही है। वारदात की जानकारी पाकर एसएसपी मंजिल सैनी सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे।
एसएसपी ने बताया कि असलम दोनों गांव का पूर्व ग्राम प्रधान रह चुका था। गांव के ही फरीद से उसकी चुनावी रंजिश थी। फरीद और उसके भाई इब्राहिम ने ग्राम समाज की पांच बीघा जमीन पर कब्जा कर रखा था। इसके अलावा वह अवैध खनन भी करते थे। असलम इसका विरोध करता था जिसके चलते दोनों पक्ष में कई बार झगड़ा और मारपीट हो चुकी थी।
रविवार शाम असलम को किसी ने फोन करके गांव के ही पप्पू के घर के पास बुलवाया। असलम अपने भाइयों के साथ मौके पर पहुंचा तो इब्राहिम, फरीद, कलीम, आदिल, तहजीब, मेहरबान व शुएब सहित 15-20 लोगों ने घेरकर मारपीट शुरू कर दी। ग्रामीणों का कहना है कि फरीद ने तमंचा निकालकर ताबड़तोड़ फायरिंग की।
भाइयों पर भी किया बांके से हमला
ग्रामीणों ने बताया कि हमलावरों ने पांच गोलियां चलाईं जिसमें से एक असलम के सिर और एक सीने में लगी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हमलावरों ने असलम के भाई सगीर, शमीम और मुन्ना को भी दबोचकर पीटना शुरू कर दिया। बांके से वार कर तीनों को लहूलुहान कर दिया और भाग निकले।
असलम की हत्या की सूचना से गांव में सनसनी फैल गई। परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस मौके पर पहुंची और असलम सहित उसके घायल भाइयों को ट्रॉमा सेंटर ले गई। यहां चिकित्सकों ने असलम को मृत घोषित कर दिया। एसएसपी का कहना है कि वर्चस्व की लड़ाई में हत्या हुई है।
हमलावरों के जो नाम सामने आए हैं, वह घर से भागे हैं। उनकी तलाश की जा रही है। अभी मृतक के परिवारीजनों ने लिखित तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलते ही एफआईआर दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। असलम के परिवार में पत्नी के अलावा चार बेटे हैं। उसका एक भाई मुशीर विदेश में रहता है।