बच्चों को सांप की लड़ाई दिखाने के बहाने सपेरों ने किया बोरे में भरकर अपहरण का प्रयास
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सांप दिखाने के बहाने बच्चों का अपहरण करने आए दो सपेरों को लोगों ने पकड़ लिया। वहीं एक सपेरा मौका पाकर फरार हो गया। मोहल्ले के लोगों ने मामले की सूचना डायल 100 को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार करने के बाद तीसरे साथी को भी पकड़ लिया। पीड़ितों ने तीनों के खिलाफ बच्चों का अपहरण करने की शिकायत कोतवाली में की है। वहीं पुलिस मामले को फर्जी बताते हुए जांच करने की बात कह रही है।
पुलिस के मुताबिक शहर कोतवाली क्षेत्र के बड़ी लाइन क्रॉसिंग गांधीनगर में शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे मोहल्ले के ही फैसल (6) पुत्र रफीक, अजय (7) पुत्र लक्खा, जावेद (12) पुत्र हनीफ, कुरबान (11) पुत्र हबीब रेलवे लाइन के पास खेल रहे थे।
तभी वहां पर तीन सपेरे आए और बच्चों को सांप की लड़ाई दिखाने के बहाने थोड़ी दूर पर चलने की बात कही। तभी एक सपेरा फैसल को पकड़ एक बोरी में डालने लगा। डर के मारे बच्चों ने शोर मचाना शुरू कर दिया।
कुछ दूर अपने दरवाजे पर बैठी रेहाना ने देखा की कोई बच्चों को पकड़ रहा है तो उसने शोर मचाकर मोहल्ले वालों को बुला लिया। सभी ने तीनों को दौड़ा लिया। लोगों ने दो आरोपियों को पकड़ लिया और पीआरवी को सूचना दी।
मौके पर पहुंचे पीआरवी जवानों ने दोनों आरोपियों को पकड़ उनसे तीसरे आरोपी को फोन करवाकर बुलवा लिया और तीनों को लेकर कोतवाली चले गए। पुलिस के मुताबिक तीनों ने अपना नाम ताजनाथ, सर्वीनाथ व उमेश नाथ निवासी बंगाली खेड़ा न्यू पुलिस लाइन पीजीआई लखनऊ बताया है। कोतवाली पहुंची रेहाना, मुन्नी देवी व फातिमा ने बच्चों का अपहरण के प्रयास की तहरीर दी है।
एक माह से कर रहे थे रेकी
रेहाना व फातिमा का कहना है कि यह तीनों करीब एक माह से सप्ताह में दो या तीन बार इधर से गुजरते और बच्चों को रिझाने का प्रयास किया करते थे। फैसल ने बताया कि तीनों कह रहे थे कि झोले में जो सांप हैं उससे बड़े सांप उनके घर में हैं।
बच्चों ने बताया कि तीनों ने कहा की घर में उड़ने वाला एक सांप है जिसे दिखाने के लिए घर ले जाने की बात कही, मना किया तो बोरे में बंद करने की चर्चा कर रहे थे। शहर कोतवाल जनमेजय सचान ने बताया कि बच्चों के परिवारीजनों की ओर से तहरीर मिली है। लखनऊ के पीजीआई थाने से तीनों के बारे में जांच कराई जा रही है। बच्चों के बयान भी दर्ज किए गए है। जांच के बाद जो होगा उसी हिसाब से कार्रवाई की जाएगी।