खुशखबरीः शहर में बनेंगे स्केटिंग और शूटिंग रेंज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राजधानी में स्केटिंग और शूटिंग के खिलाड़ियों को बड़ा तोहफा देने की तैयारी है। जिलाधिकारी राजशेखर ने कुर्सी रोड स्थित स्पोर्ट्स कॉलेज को नया रोलर स्केटिंग रिंग और शूटिंग रेंज तैयार करने के लिए जल्द ही जमीन दिए जाने का भरोसा दिया है।
इसके अलावा नगर निगम के नियंत्रण में संचालित नादरगंज स्थित फायर रेंज को भी जल्द ही हाईटेक सुविधा युक्त शूटिंग रेंज के रूप में विकसित किया जाएगा। नए शूटिंग रेंज के लिए एडीएम ट्रांस गोमती अशोक कुमार की अध्यक्षता में एक प्रोजेक्ट निगरानी समिति का गठन किया गया है।
टीम में एडीएम टीजी के साथ ही सिटी मजिस्ट्रेट एसएन यादव, स्पोर्ट्स कॉलेज के प्राचार्य अनिल कुमार, क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी एलआर पटेल, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी धर्मराज यादव और हर्षित गुप्ता को शामिल किया गया है।
समिति 20 फरवरी को बैठक कर नए रोलर स्केटिंग रिंग और शूटिंग रेंज प्रोजेक्ट की प्रस्तावित कार्ययोजना को अमल में लाने का कार्य करेगी। डीएम ने बताया कि रोलर स्केटिंग रिंग व शूटिंग रेंज नहीं होने से इस खेल से जुड़ी प्रतिभाओं को प्रैक्टिस के लिए दूसरे शहरों में जाना पड़ता था।
वाई-फाई होंगे हुसैनाबाद ट्रस्ट के हेरिटेज स्थल
हुसैनाबाद ट्रस्ट से जुड़े हेरिटेज भवन वाई-फाई से लैस होंगे। बनारस की तर्ज पर जिला प्रशासन ने यहां देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को मुफ्त इंटरनेट सुविधा और बेहतर कनेक्टिविटी का फायदा दिलाने की पहल की है। इस काम की जिम्मेदारी बीएसएनएल को सौंपी गई है।
पहले चरण में बड़ा इमामबाड़ा (भूलभुलैया) छोटा इमामबाड़ा, पिक्चर गैलरी और पुराने घंटाघर को वाई-फाई से लैस करने के लिए चुना है। जिलाधिकारी राजशेखर ने बुधवार को बताया कि वाई-फाई जोन बनाने के साथ ही इन इमारतों में पर्यटन सुविधाओं के रूप में अन्य संसाधनों और निर्माण कार्य को भी शीघ्र दुरुस्त कराया जाएगा।
वाई-फाई जोन बनाने के लिए बीएसएनएल प्रशासन को एक पत्र भेजकर इस माह तक स्थलीय सर्वेक्षण करने का निर्देश दिया गया। बीएसएनएल प्रशासन से जुड़े एक जिम्मेदार अधिकारी ने बताया कि इसके लिए चिह्नित पर्यटन और धार्मिक स्थलों पर फाइबर युक्त केबल से कनेक्टिविटी हब बनाया जाएगा। उससे हेरिटेज जोन के चिह्नित इलाकों को वाई-फाई नेटवर्क से जोड़ दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में लखनऊ, बनारस और इलाहाबाद सहित धार्मिक व पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण जिलों के चिह्नित स्थलों को वाई-फाई से लैस करने का काम शुरू किया गया है।