अमौसी एयरपोर्ट पर पकड़ा गया तस्कर, सेलो टेप में लपेटकर ला रहा था करोड़ों का सोना
कस्टम विभाग की उपायुक्त निहारिका लाखा ने बताया कि तस्कर ने सोने को सफेद रंग के सेलो टेप में लपेटकर सूटकेस में छिपा रखा था। खुफिया सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर तस्कर की सघन तलाशी ली गई तो सोना बरामद हुआ। तस्कर की पहचान मलिहाबाद निवासी सूरज कुमार के रूप में हुई है।
रोज नए-नए हथकंडे अपना रहे हैं तस्कर
सूरज से उसके रैकेट के बारे में पूछताछ की जा रही है। वह बुधवार को दुबई से लखनऊ आने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट आईएक्स-194 से उतरा था। उससे बरामद प्रत्येक बिस्किट का वजन 116.54 ग्राम है। मालूम हो कि खाड़ी देशों से सोना तस्करी कर लखनऊ लाने वालों की लिस्ट लंबी होती जा रही है और तस्कर रोज नए-नए हथकंडे अपना रहे हैं।
खाड़ी देशों से सोना तस्करी कर लखनऊ लाने की सात घटनाएं इस साल लखनऊ एयरपोर्ट पर पकड़ी जा चुकीं हैं। तस्कर रोज नए-नए हथकंडे अपना रहे हैं। बुधवार को छह किलो सोना पकड़े जाने से पहले सात फरवरी को एयरपोर्ट पर कस्टम ने दुबई से पहुंची एयर इंडिया की फ्लाइट आईएक्स-194 से जुनैदुल हक को दबोचा था।
उससे 428 ग्राम सोना बरामद किया गया था, जिसकी कीमत 17,99,775 रुपये थी। वह सोने को सूटकेस की बिडिंग में छिपाकर ला रहा था और स्कैनर को धोखा देने के लिए सोने पर रोडियम की पॉलिश करवाई थी। पांच फरवरी को दुबई से पहुंची एयर इंडिया की फ्लाइट आईएक्स-194 से उतरे मुंबई के असलम शब्बीर से साढ़े नौ लाख का 233 ग्राम सोना बरामद किया था। उसने सोने के बिस्कुट को गलाकर बेल्ट का बक्कल बनवा लिया था।
चलाया गया अभियान
वह दुबई से लखनऊ तस्करी का सोना ला रहा था। 17 नवंबर, 2018 को दुबई से लखनऊ पहुंचे तस्कर से कस्टम ने 1.52 करोड़ का सोना बरामद किया था। इससे पूर्व दुबई से पहुंचे तस्कर सुधांशु भट्ट से सोने के 40 बिस्कुट बरामद किए थे।
तस्करी के खिलाफ बुधवार को कस्टम कमिश्नर वीपी शुक्ल के निर्देश व उपायुक्त निहारिका लाखा के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। टीम में असिस्टेंट कमिश्नर कस्टम अजीत कुमार किसपोटा, राजेश अग्निहोत्री, पीयूष पांडेय, ज्योतिर्भ सिंह, वीरेंद्र श्रीवास्तव, कुलदीप सोनी, अतुल कुमार, प्रवीण मिश्र, नीलम सिन्हा, अमित बोस और टीपी मौर्या शामिल रहे।