दरोगा भर्ती परीक्षा के नतीजे घोषित, यहां देखें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने उप निरीक्षक व प्लाटून कमांडर के कुल 4010 पदों पर भर्ती के लिए हुई परीक्षा के नतीजे घोषित कर दिए हैं।
प्रमुख सचिव गृह देवाशीष पंडा ने कहा कि इसमें 3801 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। 209 पदों पर पूर्व सैनिक व स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रित अभ्यर्थियों के न मिलने की वजह से नियुक्ति नहीं हो सकी है। ये रिक्त पद भविष्य की भर्तियों में जोड़ लिए जाएंगे।
16 मई 2011 को इस भर्ती का विज्ञापन निकाला गया था जिसके लिए पांच लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। 2014 में हुई मुख्य लिखित परीक्षा में सफल 14,269 अभ्यर्थियों का ग्रुप डिस्कशन 11 दिसंबर 2014 से 10 जनवरी 2015 के दौरान कराया गया।
अंतिम मेरिट के लिए मुख्य लिखित परीक्षा के दो प्रश्नपत्रों में क्रमश: 300 व 100 अंक व ग्रुप डिस्कशन के 20 अंक थे। इस तरह कुल 420 अंकों में से अभ्यर्थियों को मिले अंकों पर मेरिट बनाई गई।
उन्होंने कहा कि 2012 के विधानसभा चुनाव व लोकसभा चुनाव 2014 की आदर्श आचार संहिता की वजह से परीक्षा के नतीजे घोषित करने में विलंब हुआ।
यहां देखें नतीजे
नतीजे यूपी पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की वेबसाइट http://uppbpb.gov.in पर उपलब्ध हैं। अभ्यर्थी अपना रोल नंबर व जन्मतिथि अपलोड कर वेबसाइट पर परिणाम देख सकते हैं।
रचना व गौरव रहे अव्वल
पुरुषों में गौरव सिंह ने 376 व महिलाओं में रचना सांगवान ने 375 अंक पाकर पहला स्थान हासिल किया। अनारक्षित श्रेणी में कुल 1926, अन्य पिछड़ा वर्ग में 1015, अनुसूचित जाति श्रेणी में 836 और अनुसूचित जनजाति श्रेणी में 24 अभ्यर्थी चयनित हुए हैं। इनमें 344 महिलाएं, 50 स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के आश्रित और 21 भूतपूर्व सैनिक भी चयनित हुए हैं।
भूतपूर्व सैनिकों के लिए पांच फीसदी आरक्षण, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों के लिए दो प्रतिशत व महिलाओं के लिए 20 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण के शासनादेश के तहत यह चयन किया गया है। प्रमुख सचिव ने कहा कि यह चयन परिणाम हाईकोर्ट के अंतिम निर्णय के अधीन होगा।