शिवपाल बोले, इतना घमंड ठीक नहीं कि ठोकर लगने पर उठाने वाला न मिले
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने एक बार फिर दोहराया कि इस बार का चुनाव धर्मयुद्ध है। गलत कामों का विरोध करने के कारण उन पर और नेताजी पर हमले हुए। कहा, कुछ सपा में रहकर पार्टी विरोधी काम कर रहे हैं। उनसे सावधान रहने की जरूरत है।
शिवपाल ने बुधवार को जसवंत नगर विधानसभा क्षेत्र के एक दर्जन से ज्यादा गांवों का तूफानी दौरा कर वोट मांगे। बसंत पंचमी को शिवपाल का जन्म होता है, इसलिए कई गांवों में कार्यकर्ताओं ने उनसे केक भी कटवाया।
जन संपर्क के दौरान लोगों को संबोधित करते हुए शिवपाल ने कहा कि कोई भी इंसान अपने पद से नहीं, कामों से बड़ा होता है। किसी को भी इतना घमंड नहीं करना चाहिए कि यदि कभी ठोकर खाकर गिरे तो कोई उठाने वाला भी न हो।
उन्होंने कहा, हम जो कुछ भी हैं, नेताजी (मुलायम सिंह यादव) की वजह से हैं। नेताजी ने हजारों लोगों को बड़ा आदमी बनाया। विधायक, एमएलसी और मंत्री तक बनाया। उन्हीं लोगों ने नेताजी को अपमानित करने का काम किया है।
'कभी कोई काम न करने वालों को नहीं हटाया गया'
कहा, सरकार में कई मंत्री ऐसे हैं, जिन्होंने कभी कोई काम नहीं किया, लेकिन उन्हें नहीं हटाया गया। जो मंत्री अपने विभागों और क्षेत्र में सही काम कर रहे थे, उनकी मंत्रिमंडल से छुट्टी कर दी गई।
गलत काम का विरोध किया तो होने लगे हमले
शिवपाल ने कहा कि मैने हमेशा गलत कामों का विरोध किया है। मामला चाहे भूमि कब्जाने का हो या अवैध रुप से शराब बेचने का। इसका परिणाम क्या हुआ, सबको पता है। उसी दिन से नेताजी और मुझ पर जबानी हमले हो रहे हैं।
कहा कि मैं नेताजी का अपमान बर्दाश्त नहीं कर सकता। सारी जिन्दगी नेताजी का आदेश मानता रहा हूं और मरते दम तक नेताजी का साथ निभाऊंगा, उनका आदेश मानता रहूंगा।
सबसे ज्यादा काम किया, सर्वाधिक नौकरियां दी
शिवपाल ने कहा कि राजस्व संहिता को मैने लागू कराया ताकि किसानों को उनके दरवाजे पर न्याय दिलाया जा सके। सड़कों का निर्माण भी हमने ही कराया।
नौकरियां भी सबसे ज्यादा मेरे कार्यकाल में ही मिलीं। लेखपालों की भर्ती हो, पीडब्लूडी की या फिर सिंचाई विभाग की, सभी भर्तियां मैंने कराई।