शैलेश कृष्ण्ा बने यूपी आईएएस एसोसिएशन के अध्यक्ष
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
1980 बैच के आईएएस अधिकारी व ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण में ओएसडी शैलेश कृष्ण यूपी आईएएस एसोसिएशन के नए अध्यक्ष बनाए गए हैं। उन्होंने 1979 बैच के आईएएस अधिकारी अनिल कुमार गुप्ता का स्थान लिया है। गुप्ता शुक्रवार को भारतीय प्रशासनिक सेवा व राजस्व परिषद के चेयरमैन पद से सेवानिवृत्त हो गए जिसकी वजह से एसोसिएशन के मुखिया का पद भी खाली हो गया था।
यूपी आईएएस एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल कुमार गुप्ता के सेवानिवृत्त होने से पहले राजभवन स्थित सिविल सर्विसेज इंस्टीट्यूट में एसोसिएशन की कार्यकारिणी समिति की बैठक हुई। इसमें कार्यकारिणी ने गुप्ता को भावपूर्ण विदाई दी।
समिति ने एसोसिएशन को दिए गए योगदान के लिए गुप्ता व निवर्तमान सचिव भुवनेश कुमार की सराहना की। बैठक में एसोसिएशन के सचिव आशीष कुमार गोयल ने परंपरा का हवाला देते हुए बताया कि काडर में सेवारत वरिष्ठतम सदस्य ही एसोसिएशन के अध्यक्ष होते रहे हैं। 1980 बैच के आईएएस शैलेश कृष्ण वरिष्ठतम सदस्य हैं।
उन्होंने अध्यक्ष पद का दायित्व निर्वहन करने की सहमति दे दी है। इसके बाद सदस्यों ने सर्वसम्मति से इस पर मुहर लगा दी। शैलेश नवंबर 2017 में रिटायर होने तक इस पद पर रहेंगे।
बैठक में वरिष्ठ आईएएस अधिकारी प्रदीप भटनागर, दीपक त्रिवेदी, अनिता भटनागर जैन, मोनिका एस गर्ग, अमित मोहन प्रसाद, जितेंद्र कुमार, भुवनेश कुमार, आशीष कुमार गोयल, अनुराग यादव, रंगाराव, जीएस प्रियदर्शी, अमृता, राजशेखर, डॉ. एसबी यशोद, राजेश कुमार, अदिति सिंह आदि उपस्थित रहे।
बैठक में ये फैसले भी हुए
केंद्रीय आईएएस एसोसिएशन की 22 अक्तूबर को नई दिल्ली में होने वाली कॉन्फ्रेंस में यूपी आईएएस एसोसिएशन के पांच सदस्य शामिल होंगे। इसके लिए सचिव को अधिकृत किया गया।
एसोसिएशन ने 1985 व 1986 बैच के आईएएस अधिकारियों को मुख्य सचिव के समकक्ष वेतनमान दिलाने की मांग फिर उठाई। शासन से मुख्य सचिव के समकक्ष वेतनमान में कार्यरत आईएएस अधिकारियों को अपर मुख्य सचिव पदनाम दिलाए जाने की मांग भी की गई।
जनवरी 2017 में आदर्श चुनाव संहिता प्रभावी होनी तय मानी जा रही है। ऐसे में एसोसिएशन ने एक जनवरी 2017 को मिलने वाले प्रमोशन नवंबर में ही देने की मांग की है।
केंद्र सरकार द्वारा सातवें वेतन आयोग की सिफ ारिशें लागू कर दिए जाने की वजह से अखिल भारतीय सेवा के अधिकारियों के लिए इस संबंध में तत्काल आदेश जारी किए जाएं।
संस्कृति स्कूल के निर्माण का कार्य चल रहा है। मार्च तक 30 कमरे बन जाएंगे। ऐसे में संस्कृति स्कूल 2017 से शुरू कर दिया जाए। इसे कक्षा 5 या 6 से शुरू किया जाए।
अखिल भारतीय सेवा के अधिकारियों के लिए चिल्ड्रन एजुकेशन अलाउंस देने का शासनादेश हो गया है लेकिन नियुक्ति विभाग भुगतान के आदेश नहीं कर रहा है। इस प्रकरण के तत्काल निराकरण की मांग की गई।
जिस तरह सेवानिवृत्त मुख्य सचिवों को यूपी सदन नई दिल्ली में प्रवास के समय रहने की सुविधा दी जाती है, उसी तरह मुख्य सचिव के वेतनमान से सेवानिवृत्त होने वाले आईएएस अधिकारियों को भी सुविधा दी जाए।