'डेथ प्वाइंट' पर सेल्फी लेने के दौरान गंगा में डूबे सात युवकों की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गंगा बैराज के ‘डेथ प्वाइंट’ पर बुधवार सुबह करीब 11 बजे सेल्फी लेने के दौरान छह दोस्तों की डूबने से मौत हो गई। इनको बचाने की कोशिश में एक अन्य युवक भी डूब गया। डूबने वालों में दो सगे भाई थे।
सूचना के करीब डेढ़ घंटे बाद राहत-बचाव कार्य शुरू हो सका। जल पुलिस और गोताखोरों ने सभी सातों शव बाहर निकाले। लोगों ने पुलिस-प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा किया।
हादसे की सूचना मिलते ही सभी के घरों में कोहराम मच गया। हैलट पहुंचे परिजन, लाडलों का शव देखकर बेसुध हो गए।
इनकी हुई मौत
जूही डिपो विनोबा नगर निवासी प्लास्टिक कारोबारी रामकुमार गुप्ता के दो बेटे सत्यम (22), शिवम (19) पड़ोसी स्वर्गीय सुभाष तिवारी का पुत्र गोलू (22), स्व. देवी प्रसाद सोनी का पुत्र रोहित सोनी (24) रमेश गुप्ता का पुत्र संदीप गुप्ता (20) जूही लाल कालोनी निवासी कैटरिंग कारोबारी विजय गुप्ता का पुत्र सचिन (20) दोस्त थे। ये छह दोस्त बुधवार सुबह मौसम सुहाना होने पर गंगा बैराज घूमने गए थे। बैराज के गेट नंबर एक के प्लेटफार्म पर सभी दोस्त सेल्फी लेने लगे।
सेल्फी लेने के दौरान सत्यम का पैर प्लेटफार्म से फिसला और वह तेज बहाव में बहने लगा। सत्यम को बचाने के लिए दोस्त शिवम, गोलू, रोहित, संदीप और सचिन भी गंगा में कूद पड़े जबकि किसी को तैरना नहीं आता था।
सत्यम तेज बहाव में गेट नंबर एक के ‘डेथ प्वाइंट’ पर पहुंचकर डूब गया। दोस्त को बचाने के लिए सभी दोस्त ‘डेथ प्वाइंट’ तक पहुंचे और गंगा में समा गए। इन लोगों को डूबते देख गम्मू खां हाता निवासी एमकाम छात्र मकसूद (24) ने भी गंगा में छलांग लगा दी लेकिन वह भी डूब गया।
घटना के डेढ़ घंटे बाद शुरू हुआ बचाव कार्य
किनारे बैठे दोस्तों के एक अन्य साथी श्रीराम सैनी ने गंगा बैराज चौकी में घटना की जानकारी दी। सूचना के 45 मिनट बाद पहुंची पुलिस ने गोताखोरों को शुक्लागंज से बुलाया। एसपी वेस्ट सचिंद्र पटेल, सीओ कर्नलगंज संजीव दीक्षित सर्किल फोर्स के साथ पहुंचे।
युवकों के डूबने के डेढ़ घंटे बाद बचाव कार्य शुरू हुआ। गोताखोरों ने एक-एक कर सातों युवकों के शव निकाले। बार-बार बुलाने के बावजूद एंबुलेंस नहीं आईं और पुलिस के वाहनों से सभी को हैलट ले जाया गया जहां डाक्टरों ने सबको मृत घोषित कर दिया।
पुलिस की लापरवाही पर आक्रोशित भीड़ की पुलिस से मुंहाचाही हुई। हैलट में भी लोगों ने हंगामा किया। हैलट और पोस्टमार्टम हाउस में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
सीओ स्वरूपनगर राजेश सिंह ने बताया कि प्रशासन के आदेश पर सभी के पंचनामे तुरंत भरकर रात में पोस्टमार्टम होगा।
डूबने वालों में चार छात्र थे
सत्यम एलएलबी और शिवम बीएससी कर रहे थे। बगल में विजयशंकर बाजपेई का घर है जिसमें कई किराएदार रहते हैं।
इनमें स्वर्गीय सुभाष तिवारी का पुत्र गोलू (22) फल का ठेला लगाता था, स्व. देवी प्रसाद सोनी का पुत्र रोहित सोनी (24) प्राइवेट नौकरी करता था, रमेश गुप्ता का पुत्र संदीप गुप्ता (20) बीएससी का छात्र था, जूही लाल कालोनी निवासी कैटरिंग कारोबारी विजय गुप्ता का पुत्र सचिन (20) बीएससी का छात्र था। विजयशंकर बाजपेई के मकान में रहने वाले विनय तिवारी, श्री राम सैनी भी इन दोस्तों के साथ बैराज गए थे।