सिपाही भर्ती 2018 : निरस्त परीक्षा दोबारा नहीं होने से दस लाख अभ्यर्थी परेशान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सिपाही भर्ती परीक्षा 2018 की गत 18 और 19 जून को दूसरी पाली की निरस्त परीक्षा की नई तिथि न आने से अभ्यर्थी परेशान हैं। यह परीक्षा टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज ने आयोजित की थी। भर्ती बोर्ड ने एजेंसी से दोबारा परीक्षा कराने के लिए तैयारियों के बारे में जानकारी मांगी है।
एजेंसी के सूत्रों का कहना है कि विकल्प के तौर पर तैयार किए गए सभी प्रश्न पत्रों को भी नष्ट कर दिया गया था। अब नए सिरे से पूरी प्रक्रिया अपनानी होगी। यह परीक्षा निरस्त होने के कारण 10 लाख से अधिक अभ्यर्थी प्रभावित हुए हैं। इतने अधिक अभ्यर्थियों की परीक्षा कराने के लिए सेंटर बनाने की चुनौती भी सामने है। वजह, स्कूलों में अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं शुरू हो चुकी हैं, जो अक्तूबर के अंत तक चलेंगी। ऐसे में नवंबर से पहले यह परीक्षा कराना आसान नजर लग रहा है।
गौरतलब है, सिपाही भर्ती के लिए 18-19 जून को हुई ऑफलाइन परीक्षा के दौरान इलाहाबाद और इटावा के दो अलग- अलग केंद्रों पर पहली पाली में दूसरी पाली का प्रश्नपत्र खुल गया था। इसकी शिकायत भर्ती बोर्ड में की गई थी। बोर्ड ने जांच के बाद 8 अगस्त को द्वितीय पाली में हुई परीक्षा निरस्त कर दी।
41520 पदों के लिए 22.67 लाख अभ्यर्थियों ने किया था आवेदन
इस मामले में भर्ती बोर्ड ने संबंधित के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के आदेश दिए थे। 41520 पदों के लिए 22.67 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। परीक्षा में लगभग 85 प्रतिशत अभ्यर्थी शामिल हुए थे।
परीक्षा दोबारा होने और उसकी मेरिट तैयार होने में कम से कम दो से तीन माह का समय लगेगा। ऐसे में यह भर्ती प्रक्रिया 2018 में पूरी हो पाएगी या नहीं, इस पर सवाल उठने लगे हैं।
इस बारे में भर्ती बोर्ड के चेयरमैन जीपी शर्मा का कहना है कि संबंधित एजेंसी से परीक्षा की तैयारियों के लिए जवाब मांगा गया है। निरस्त परीक्षा जल्द से जल्द दोबारा कराने की कोशिश है।