UP: 80 फीसदी अभ्यर्थियों ने दी लेखपाल परीक्षा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
तमाम तरह की अफवाहों और छिटपुट शिकायतों के बीच लेखपाल भर्ती की लिखित परीक्षा रविवार को शांतिपूर्ण ढंग से हो गई। परीक्षा का पेपर लीक होने से लेकर ‘मुन्ना भाई’ के पकड़े जाने और ओमएमआर शीट लेकर चले जाने जैसी शिकायतें पूरे दिन गूंजती रहीं।
पर, राजस्व मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने इसे भाजपा व आरएसएस के लोगों की अफवाह बताकर खारिज कर दिया। 63 जिलों में दो पाली और 12 जिलों में एक पाली में परीक्षा हुई। करीब 80 प्रतिशत अभ्यर्थी शामिल हुए। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों का हुजूम उमड़ पड़ा।
हालांकि देर रात तक राजस्व परिषद या परीक्षा कराने वाली एजेंसी टीसीएस परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों की निश्चित संख्या नहीं बता सकी।
प्रदेश में राजस्व लेखपाल के रिक्त 13,316 पदों के लिए 2192 परीक्षा केंद्रों पर लिखित परीक्षा हुई।
दो दिन पहले सरकार व राजस्व मंत्री से नजदीकी का हवाला देकर भर्ती कराने का धंधा करने वाले दलालों के खुलासे के बाद परीक्षा की संवेदनशीलता बढ़ गई थी। एक दिन पहले कुछ दलालों के पकड़े जाने से लोगों की निगाहें पूरे दिन परीक्षा पर लगी रहीं।
पर, शासन और राजस्व परिषद से लेकर पुलिस और प्रशासन की सक्रियता का नतीजा यह रहा कि छिटपुट शिकायतों को छोड़ परीक्षा सकुशल संपन्न हो गई। राजस्व मंत्री शिवपाल यादव ने पूरे दिन परीक्षा पर नजर रखा। पहली पाली की परीक्षा केबाद वह राजस्व परिषद कार्यालय भी पहुंचे।
75 से 85 फीसदी अभ्यर्थियों के शामिल होने की सूचना
दोनों पालियों की परीक्षा होने के बाद शाम को राजस्व परिषद के चेयरमैन अनिल कुमार गुप्त ने बताया कि जिलों से 75 से 85 फीसदी अभ्यर्थियों के परीक्षा में शामिल होने की सूचना आ रही है। अनुमान है कि करीब 80 प्रतिशत अभ्यर्थी परीक्षा में बैठे होंगे।
उन्होंने कहा, जिलों में टीसीएस व परीक्षा से जुड़े कर्मियों की पहली प्राथमिकता ओएमआर शीट को ट्रेजरी के डबल लॉक तक सुरक्षित पहुंचाने की है।
उधर, जिला प्रशासन जिलों में हजारों की संख्या में मौजूद अभ्यर्थियों को सकुशल उनके गंतव्य तक पहुंचाने में जुटा रहा। ऐसे में अंतिम आंकड़े मिलने में विलंब हो रहा है।
लेखपाल परीक्षा की फैक्ट फाइल
कुल आवेदक--26,84,623
पहली पाली--14,57,978 अभ्यर्थी
दूसरी पाली--12,26,645 अभ्यर्थी
इन 12 जिलों में एक ही पाली में परीक्षा : फतेहपुर, चित्रकूट, हमीरपुर, बहराइच, श्रावस्ती, अमेठी, कुशीनगर, महाराजगंज, ललितपुर, रामपुर, सहारनपुर और जौनपुर।
सूबे की एक फीसदी से ज्यादा आबादी ने आजमाया भाग्य
प्रदेश की राजस्व लेखपाल परीक्षा इसलिए भी खास रही क्योंकि इसमें सूबे की आबादी के करीब डेढ़ फीसदी लोग शामिल हुए। युवाओं के लिहाज से देखें तो यह आंकड़ा और आकर्षक दिखेगा।
20 करोड़ से अधिक की आबादी वाले सूबे में लेखपाल के 13,316 पदों के लिए 26,84,623 अभ्यर्थी थे। अनुमान है कि इसमें करीब 80 फीसदी यानी करीब 21.47 लाख से ज्यादा आवेदक शामिल हुए। यानी एक प्रतिशत से ज्यादा आबादी ने इस नौकरी के लिए भाग्य आजमाया।