राम मंदिर के लिए निधि समर्पण अभियान का दूसरा चरण शुरू, ट्रस्ट के महासचिव बोले- क्षमता के अनुसार करें दान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राममंदिर निर्माण के लिए चलाए जा रहे निधि समर्पण अभियान के दूसरे चरण का सोमवार को शुभारंभ हुआ। इस चरण में संघ व विहिप के कार्यकर्ता घर-घर जाकर कूपन के जरिए राम भक्तों से राममंदिर निर्माण के लिए दान लेंगे।
दूसरे चरण के अभियान का शुभारंभ करते हुए श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने कहा कि 01 से 15 फरवरी तक अयोध्या समेत आसपास के जनपद में समर्पण निधि प्राप्त करने का अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने हर आयु वर्ग के लोगों से अपनी क्षमता के अनुसार दान करने का आह्वान किया है।
ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने कहा कि विश्व हिंदू परिषद व संघ के कार्यकर्ता घर-घर, दुकान-दुकान जा कर समर्पण निधि प्राप्त करने का अभियान चलाएंगे। लोग अपनी सामर्थ्य के अनुसार राम मंदिर निर्माण में समर्पण निधि देकर सहयोग करें।
उन्होंने बताया कि इसी समर्पण निधि से राम मंदिर का निर्माण होगा। यह अभियान पूरे प्रदेश में व्यापक स्तर पर 27 फरवरी तक चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि सभी राज्यों ने अपनी-अपनी सुविधा के अनुसार तिथियां तय की हैं। अयोध्या जनपद में 01 से 15 फरवरी तिथि निर्धारित की गई है। इस अभियान का मूल उद्देश्य है कि आर्थिक रूप से कमजोर आदमी भी राम मंदिर निर्माण के लिए अपना सहयोग दे सके।
कूपन से ऊपर की राशि देने वालों को मिलेगी रसीद
चंपत राय ने बताया कि इसके लिए 10, 100 व 1000 रुपये के कूपन बनाए गए हैं। इससे ऊपर जो भी राशि मिलेगी उसकी रसीद दी जाएगी। अभियान में पूरी पारदर्शिता बरती जा रही है।
भारतीय स्टेट बैंक, पंजाब नेशनल बैंक और बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखाओं में लगातार राम मंदिर के लिए निधि समर्पण अभियान के अंतर्गत एकत्रित धन को जमा किया जा रहा है। बड़ी संख्या में हर वर्ग के लोग राममंदिर के लिए दान दे रहे हैं।