बाथरूम में खुले तारों से चिपक गई छात्रा, मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय हरिहरपुर की कक्षा छह की छात्रा मंगलवार सुबह विद्यालय प्रशासन की लापरवाही का शिकार हो गई। टुल्लू पंप के खुले तार की चपेट में आकर छात्रा ने दम तोड़ दिया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने घटनास्थल का मुआयना कर जांच शुरू कर दी है।
विकासखंड हुजूरपुर के हरिहरपुर गांव स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का संचालन शीतल ग्रामोद्योग सेवा समिति गोंडा द्वारा किया जा रहा है। इस विद्यालय में कक्षा छह से आठ तक 100 छात्राएं अध्ययनरत हैं।
विद्यालय के बाथरूम में लगे टुल्लू पंप का मोटर अरसे से खराब है। उसका तार भी इधर-उधर बिखरा हुआ है। मंगलवार सुबह 11 बजे के आसपास कक्षा छह की छात्रा रिंकी पाल (13) पुत्री भगवानदीन पाल, निवासी नैपुरा लखनापुर बाथरूम गई थी। जब वह दरवाजा खोलकर हैंडपंप की ओर बढ़ी तभी टुल्लू पंप के खुले तार की चपेट में आने से उसे करंट लग गया।
करंट के डर से नहीं मिली मदद
छात्रा की चीख सुनकर रसोइया दौड़ी। उसने छात्रा को छुड़ाने का प्रयास किया लेकिन करंट का झटका लगने से वह भाग खड़ी हुई। रसोइया की आवाज सुनकर विद्यालय और हॉस्टल में मौजूद छात्राएं तथा कर्मचारी भी दौड़े। मेन स्विच ऑफ कर जब तक छात्रा को अलग किया गया उसकी मौत हो चुकी थी।
सूचना पर प्रभारी निरीक्षक डॉ. डीएन सिंह ने टीम के साथ मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बेटी की मौत की सूचना पाकर उसके माता-पिता और अन्य परिवारीजन रोते-बिलखते स्कूल पहुंचे। लाश पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की सूचना पर सभी मुख्यालय चले गए।
उधर, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी भी घटना के एक घंटे बाद विद्यालय पहुंचे। वह देर शाम तक जांच कराते रहे। बीएसए डॉ. अमरकांत सिंह ने बताया कि विद्यालय प्रशासन की लापरवाही प्रथम दृष्टया सामने आ रही है। जांच पूरी होते ही दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।