{"_id":"643bdedadd8f600cb805a40e","slug":"samajwadi-party-s-caste-equation-for-mayor-posts-2023-04-16","type":"story","status":"publish","title_hn":"UP Nikay Chunav: सपा ने महापौर प्रत्याशियों के जरिए साधा जातीय समीकरण, एक भी यादव को नहीं दिया टिकट","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
UP Nikay Chunav: सपा ने महापौर प्रत्याशियों के जरिए साधा जातीय समीकरण, एक भी यादव को नहीं दिया टिकट
Sun, 16 Apr 2023 08:26 PM IST
ishwar ashish
अमर उजाला ब्यूरो, लखनऊ
अमर उजाला ब्यूरो, लखनऊ
Published by: ishwar ashish
Updated Sun, 16 Apr 2023 08:26 PM IST
सार
सपा ने अब तक घोषित की गई महापौर प्रत्याशियों की सूची में समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने का प्रयास किया है। हालांकि, शहरी क्षेत्र में यादव मतदाता कम होने के कारण किसी यादव को प्रत्याशी नहीं बनाया है।
विज्ञापन
- फोटो : amar ujala
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सपा ने निकाय चुनाव के उम्मीदवारों की घोषणा में क्षेत्रीय व जातीय समीकरण को साधने की भरपूर कोशिश की है। यह संदेश देने का प्रयास है कि पार्टी सभी जाति व धर्म के लोगों को साथ लेकर चलने को तैयार है। पार्टी की ओर से अब तक महापौर के घोषित उम्मीदवारों में चार ब्राह्मण, दो-दो मुस्लिम, कायस्थ व दलित और एक-एक वैश्य, गुर्जर, निषाद, कुर्मी व क्षत्रिय पर दांव लगाया गया है। अयोध्या से डॉ. आशीष पांडेय को उम्मीदवार बनाकर दोहरा संदेश दिया गया है।
विज्ञापन
आशीष खांटी समाजवादी व पूर्व विधायक जयशंकर पांडेय के बेटे हैं। इससे पार्टी ने एक तरफ यह संदेश देने की कोशिश की है कि वह नए लोगों के साथ ही पुराने समाजवादियों को भी तवज्जो दे रही है। ब्राह्मण भी उसके लिए महत्वपूर्ण हैं। एक तरह से अयोध्या में भाजपा के हिंदुत्व कार्ड का जवाब देने की भी कोशिश की है। कानपुर में विधायक अमिताभ वाजपेयी की पत्नी वंदना वाजपेयी को उम्मीदवार बनाकर यहां के वोटबैंक में सेंध लगाने का प्रयास किया है।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें - भाजपा ने जारी की निकाय चुनाव के उम्मीदवारों की सूची, देखें- कहां, किसे बनाया प्रत्याशी
विज्ञापन
ये भी पढ़ें - नगर निकाय चुनाव 2023: सपा ने मुरादाबाद व झांसी के लिए घोषित किए मेयर पद के प्रत्याशी
लखनऊ में वंदना मिश्रा को उम्मीदवार बनाकर पार्टी ने न सिर्फ जातीय समीकरण साधा है, बल्कि उच्च शिक्षित समाज को जोड़ने की कोशिश की है। मथुरा में पंडित तुलसीराम शर्मा के जरिए जातीय गणित साधने के साथ पुराने कार्यकर्ताओं को मौका देने का संदेश दिया गया है। मुस्लिम बहुल अलीगढ़ में पूर्व विधायक जमीर उल्ला खां और फिरोजाबाद में मशरूर फातिमा एवं कायस्थ बहुल वाले क्षेत्र प्रयागराज में अजय श्रीवास्तव और बरेली में संजीव सक्सेना को उम्मीदवार बनाकर यह संदेश दिया कि जहां जिसका वोटबैंक है, उसे मौका जरूर दिया जाएगा। मेरठ में विधायक अतुल प्रधान की पत्नी सीमा प्रधान को टिकट देकर गुर्जर वोट बैंक को सहेजने की कोशिश की गई है। वहीं, गोरखपुर में काजल निषाद के जरिए इस बिरादरी को एकजुट करने की कवायद की गई है।
झांसी में पूर्व विधायक सतीश जतारिया और आगरा में ललिता जाटव के जरिए दलित वोटरों व पुराने कार्यकर्ताओं को भरोसा दिलाया गया है कि उन्हें किसी न किसी रूप में मौका मिलता रहेगा। शाहजहांपुर से अर्चना वर्मा के जरिए कुर्मी समाज और गाजियाबाद में नीलम गर्ग के जरिए वैश्य समाज को जोड़ने की कोशिश की गई है। पार्टी प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी का कहना है कि सपा हमेशा हर वर्ग को साथ लेकर चलती रही है। निकाय चुनाव के टिकट बंटवारे में सामाजिक समीकरण का पूरा ध्यान रखा गया है। सपा ही हर वर्ग को हक दिला सकती है। इसका प्रमाण महापौर के घोषित उम्मीदवार हैं।
महापौर पद पर यादव उम्मीदवार नहीं
पार्टी ने महापौर के 15 उम्मीदवारों में एक भी यादव को टिकट नहीं दिया है। इसके पीछे वरिष्ठ नेताओं का कहना है कि नगर निगम वाले इलाकों में यादव बिरादरी की आबादी कम है। ऐसे में उन्हें उम्मीदवार नहीं बनाया गया है, लेकिन जिस वार्ड में उनकी आबादी है, वहां पार्षद और सभासद के दावेदार बनाए गए हैं।
मुरादाबाद से रईश उद्दीन मेयर पद के प्रत्याशी
सपा ने मुरादाबाद से रईश उद्दीन को मेयर पद का प्रत्याशी बनाया है। पार्टी की ओर से अब तक 16 उम्मीदवारों की घोषणा की जा चुकी है। इसी तरह नगर पालिका परिषद अध्यक्ष पद के लिए बलिया से लक्ष्मण गुप्ता, फतेहपुर से राजकुमार मौर्य, कुंदरकी से शमीना खातून, कन्नौज से याशमीन, हरदोई से रामजान गुप्ता, शाहजहांपुर से अर्चना राजपूत, रायबरेली से पारस सोनकर, लहरपुर से कैशर जहां, मैनपुरी से सुमन को उम्मीदवार बनाया गया है।
वाराणसी, मुरादाबाद व संभल के जिलाध्यक्ष घोषित
सपा ने वाराणसी का जिलाध्यक्ष सुजीत यादव को बनाया है। मुरादाबाद का जिलाध्यक्ष डीपी यादव और महानगर अध्यक्ष इकबाल हुसैन को बनाया है। प्रयागराज का महानगर अध्यक्ष इफ्तेखार हुसैन और महासचिव रवींद्र यादव को बनाया गया है। इसी तरह संभल जिलाध्यक्ष पद पर असगर अली को जिम्मेदारी दी है। इससे पहले यहां से फिरोज खां के नाम की घोषणा की गई थी, लेकिन प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने इसे संशोधित कर दिया है। अब फिरोज खां को नगर निकाय चुनाव संचालन प्रभारी बनाया गया है।