सीएम ऑफिस के बाद सड़कों के किनारे व साइन बोर्ड पर भी दिखेगा भगवा रंग, लगेगी योगी-केशव की तस्वीर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सीएम ऑफिस को भगवा रंग में रंगने के बाद योगी सरकार गांव के साइन बोर्ड और पीडब्ल्यूडी की सड़कों के किनारों को भी भगवा रंग में रंगने जा रही है। अब ग्रामीण सड़कों के साइन बोर्ड भगवा रंग के होंगे। इन पर एक तरफ सीएम योगी आदित्यनाथ व दूसरी तरफ डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य की तस्वीर होगी। वहीं, जिला मुख्यालय से जुड़ी सड़कों को हरे रंग से रंगा जाएगा।
साइन बोर्ड के ऊपरी हिस्से का रंग भगवा जबकि नीचे का हिस्सा हरे रंग में होगा। इस हरे रंग वाले हिस्से पर ही लोकेशन मैप और जिला मुख्यालय की तरफ जाने वाले मार्ग को दर्शाया जाएगा। फिलहाल इसे पायलट प्रोजेक्ट के तहत सिर्फ ग्रामीण इलाकों में ही लागू किया जाएगा। सरकार ने एक महीने में 18 हजार से ज्यादा सड़कों पर इन साइन बोर्ड को लगाने का फैसला किया है।
ठेकेदार का नाम व लागत की भी होगी जानकारी
साइनबोर्ड पर सड़क का नाम, इसका निर्माण करने वाली संस्था और ठेकेदार का नाम भी अंकित होगा। इसके साथ ही इसके निर्माण में आई लागत व समय की भी जानकारी दी जाएगी।
साइन बोर्ड को इस तरह से तैयार किया जा रहा है कि रात में इन पर रोशनी पड़ने पर यह चमकते नजर आएं और कंट्रास्ट होने के कारण लोगों अपनी ओर आकर्षित करें। ऐसा कहा जा रहा है कि सड़कों के किनारे दिखने से दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी।
भगवा रंग में रंगने पर सीएम योगी अखिलेश को दे चुके हैं जवाब
सीएम ऑफिस को भगवा रंग में रंगने पर पूर्व सीएम अखिलेश यादव द्वारा तंज कसे जाने पर योगी ने जवाब दिया था कि लोगों का क्या है, उनका बस चले तो वह सूर्य और अग्नि का रंग भी बदलवा दें, क्योंकि इन दोनों की रोशनी का रंग भी तो भगवा है।
मुख्यमंत्री ने कहा था कि भगवा रंग को किसी धर्म या जाति के दायरे में नहीं बांधा जा सकता है। यह रंग तो शौर्य व प्रगति का सूचक है और यूपी इस समय प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है। प्राचीन काल से ही इस रंग को आगे बढ़ने की शक्ति व प्रेरणा देने वाला रंग कहा जाता है। फिर भी कुछ लोग इस रंग को लेकर सवाल उठा रहे हैं।