राम मंदिर निर्माण की बाधाएं दूर होंगी: संघ
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने उम्मीद जताई है कि अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण के बारे में भाजपा की सरकार अपने घोषणा पत्र में किया गया वादा पूरा करेगी। वह मंदिर निर्माण में आने वाली बाधाओं को दूर करेगी। जहां तक संघ की बात है तो उसकी भी यही अपेक्षा है।
संघ मानता है कि अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर पहले से ही है। इसलिए उसे बनाना नहीं, सिर्फ भव्यता देना बाकी है। संघ के सरकार्यवाह सुरेश जोशी ‘भैयाजी’ केंद्रीय कार्यकारी मंडल की तीन दिन चली बैठक की जानकारी दे रहे थे।
उन्होंने लव जेहाद पर चर्चा के बारे में पूछे गए सवाल पर कहा, हिंदू समाज पिछले 15 साल से इस मुसीबत का सामना कर रहा है। तभी से संघ के लिए भी यह चिंता का विषय रहा है।
हालांकि संघ इसे सांप्रदायिक नहीं, बल्कि सामाजिक व प्रशासनिक मुद्दा मानता है। उन्होंने कहा, संघ ऑनर किलिंग सहित किसी प्रकार की हत्या का घोर विरोध व निंदा करता है।
कोर्ट के फैसले का करना होगा इंतजार
जोशी से पूछा गया था कि राम मंदिर संघ के एजेंडे में है या नहीं। उन्होंने जवाब दिया कि यह मुद्दा हिंदू समाज की आस्था का है। इसलिए हमेशा से संघ के एजेंडे में रहा है। यह पूछने पर कि संघ केंद्र से मंदिर निर्माण के बारे में बात करेगा, उन्होंने कहा कि वर्तमान शासन ने अपने घोषणा पत्र में कहा है कि वह मंदिर निर्माण में आने वाली बाधाएं दूर करेंगे।
उम्मीद है कि वे इस वादे पर अमल करेंगे। बाधाएं दूर होंगी। वैसे इस सिलसिले में एक प्रक्रिया सर्वोच्च न्यायालय में भी चल रही है। उसके पूरे होने का भी सभी को इंतजार करना होगा।
प्रशासन तत्पर हो तो रुके लव जेहाद: जोशी ने कहा कि लव जेहाद बहुत ही संवेदनशील मुद्दा है। इसमें सबसे ज्यादा पीड़ित लड़की या महिला का परिवार होता है। पिछले दिनों मेरठ की एक घटना से पता चलता है कि ऐसी संवेदनशील समस्याओं का समाधान करने में प्रशासन जब पक्षपातपूर्ण कार्रवाई करता है तो स्थिति ज्यादा बिगड़ जाती है।
यह मुद्दा सिर्फ संघ का नहीं, बल्कि सारे समाज का है। खास तौर से शासन और प्रशासन का। वह अगर तत्परता से कार्रवाई करे तो ऐसी घटनाएं रुक सकती हैं।