{"_id":"6182d743db02f55a554f7ae6","slug":"religion-polarization-and-public-welfare-this-is-the-line-of-election-a-clear-indication-of-yogi-the-difference-told-on-the-pretext-of-graveyard-temple","type":"story","status":"publish","title_hn":"धर्म, ध्रुवीकरण और जनकल्याण... चुनाव की यही लाइन : योगी का स्पष्ट संकेत, कब्रिस्तान-मंदिर के बहाने बताया फर्क","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
धर्म, ध्रुवीकरण और जनकल्याण... चुनाव की यही लाइन : योगी का स्पष्ट संकेत, कब्रिस्तान-मंदिर के बहाने बताया फर्क
Thu, 04 Nov 2021 01:07 AM IST
पंकज श्रीवास्तव
अजीत बिसारिया, अमर उजाला, अयोध्या
अजीत बिसारिया, अमर उजाला, अयोध्या
Published by: पंकज श्रीवास्तव
Updated Thu, 04 Nov 2021 01:07 AM IST
सार
अपनी सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को तो गिनाया ही, होली तक मुफ्त अनाज पैकेज की घोषणा करके यह भी बता दिया कि जन कल्याणकारी कार्यों को भविष्य में जारी रखने संकल्प यथावत रहेगा।
विज्ञापन
सरयू की आरती करते सीएम योगी
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
धर्म, ध्रुवीकरण और अवाम का कल्याण, विधानसभा चुनाव में भाजपा का यही फोकस होगा। अयोध्या के मंच से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने न सिर्फ इसके स्पष्ट संकेत दिए, बल्कि कब्रिस्तान की चहारदीवारी और मंदिरों के निर्माण पर खर्च में फर्क के बहाने अपनी मंशा भी साफ कर दी। अपनी सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को तो गिनाया ही, होली तक मुफ्त अनाज पैकेज की घोषणा करके यह भी बता दिया कि जन कल्याणकारी कार्यों को भविष्य में जारी रखने संकल्प यथावत रहेगा।
विज्ञापन
रामकथा पार्क में योगी, उनकी कैबिनेट के सदस्य और अन्य अतिथि जहां नीचे बैठे, वहीं मंच पर पूरे समय राज्याभिषेक के बाद प्रभु श्रीराम का दरबार सजा। बार-बार बताया गया कि राज्याभिषेक के दौरान फूलों की वर्षा सरकारी हेलीकॉप्टर से कराई गई है। पुष्पक विमान के रूप में जिस हेलीकॉप्टर से भगवान राम और माता जानकी के स्वरूप आए, वो भी सरकार का ही हेलीकॉप्टर था। सामने मौजूद लोगों से पूछा गया कि वे खुद ही तय करें कि उन्हें किस तरह की सरकार चाहिए। रामभक्तों पर गोली चलाने वाली या फिर राम और उनके भक्तों का स्वागत करने वाली। मंच के प्रदर्शन के जरिये यह भी बताने का प्रयास किया गया कि उनके लिए राजसत्ता से पहले धर्मसत्ता है। जनता, संत और उनके अनुकूल राजसत्ता ही रामराज का मार्ग प्रशस्त करेगी।
विज्ञापन
भेष बदलने वालों के प्रति आगाह किया
प्रदेश के धार्मिक और अध्यात्मिक महत्व के प्रमुख नगरों के विकास को सामने रखते हुए पूरे देश को संदेश दिया गया कि भाजपा सरकार धर्म और संस्कृति के उत्थान के लिए समर्पित है। पांच सौ मंदिरों के सुंदरीकरण का काम चल रहा है। तय कर लीजिए कि कब्रिस्तान की बाउंड्रीवाल पर खर्च करने वाली सरकार चाहिए या मठ-मंदिरों पर खर्च को प्राथमिकता देने वाली सरकार। चेताया भी कि अभी तक राम और अयोध्या से परहेज करने वाले लोग भेष बदलकर बीच में आएंगे। लेकिन, आप (मतदाता) 2017 की लाइन पर ही चलते रहे तो छद्म भेष वाले अगली बार कारसेवकों की लाइन में खड़े दिखेंगे।
विज्ञापन
जनकल्याण की भी बातें
भाजपा के रणनीतिकार अच्छी तरह से जानते हैं कि सिर्फ धर्म और ध्रुवीकरण के सहारे चुनावी जंग जीतना आसान नहीं है। इसके लिए कल्याणकारी राज्य की अवधारणा पर मजबूती से टिके रहना और लगातार आगे बढ़ना भी जरूरी है। इसलिए सीएम योगी आदित्यनाथ सबको आवास, शौचालय, बिजली व रसोई कनेक्शन, मुफ्त राशन, स्वास्थ्य बीमा, कोरोना का मुफ्त टेस्ट, इलाज व टीकाकरण और दी जा रही अन्य सुविधाओं के बारे में बताना नहीं भूले। इस लिहाज से भविष्य के प्लान भी रखे।
अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बनकर तैयार होगा तो कथावाचक ही नहीं, रोजगार के लिए युवा भी देश-दुनिया में आसानी से जा सकेंगे। कहा कि रामराज में किसी को किसी भी तरह का दुख नहीं होना चाहिए। इसलिए कहा गया है-दैहिक-दैविक भौतिक तापा, रामराज काहू नहिं व्यापा। वहीं, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने जिन्ना की बात करने वालों पर मुस्लिम तुष्टीकरण का खुलकर आरोप लगाया। कार्यक्रम में सिख गुरू ज्ञानी गुरजीत सिंह की प्रमुखता से उपस्थिति का संदेश भी साफ था कि लखीमपुर की घटना से सबक लिए गए हैं। विपक्षी अपनी राह आसान न मानें।