बलात्कार के आरोपी को मारकर फांसी पर लटका दिया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बाराबंकी के कोठी थाना क्षेत्र के मझियवां गांव में दुष्कर्म के आरोपी मुकेश कुमार रावत (22) को जान से मारने के बाद उसका शव फांसी पर लटका दिया गया। बृहस्पतिवार को एक युवती ने उस पर दुराचार का मुकदमा दर्ज कराया था।
शुक्रवार को उसकी लाश पेड़ से लटकती मिली। मुकेश के शरीर पर चोटों के साथ ही संघर्ष के निशान मिले हैं। मुकेश के नाना लल्लू ने अज्ञात पर हत्या का केस दर्ज कराया है। उनका आरोप है कि कत्ल को खुदकुशी का रूप देने के लिए शव पेड़ से लटका दिया गया।
कोठी थाना क्षेत्र के ही डफरापुर गांव निवासी मुकेश की मां की मौत बचपन में ही हो गई थी। तबसे वह अपने नाना लल्लू के यहां रहता था। मुकेश की मामी रेशमा के मुताबिक शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे वह घर से निकला था। इसके बाद उसकी पेड़ से लटकती लाश मिली।
रिश्तेदारों ने कहा, गला दबाकर की गई हत्या
जहां लाश मिली है वहां खेत में दो मीटर के दायरे में धान की फसल को नुकसान हुआ है। मुकेश के शरीर पर चोट व संघर्ष के निशान हैं। गले पर भी चोट है।
रिश्तेदारों का कहना है कि इस सबसे साफ है कि मुकेश की गला दबाकर हत्या की गई और फिर उसे लटका दिया गया। मुकेश पर बृहस्पतिवार को एक युवती ने मुकदमा दर्ज कराया था कि उसने देर शाम खेत में उससे दुराचार किया। पुलिस उसकी तलाश कर ही रही थी।
बहरहाल एसपी राजूबाबू सिंह का कहना है कि यह आत्महत्या का मामला प्रतीत होता है। शनिवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगा कि मुकेश की हत्या की गई या फिर उसने खुदकुशी की है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।