एसी बोगी चेक कर रहे रेलकर्मी की ऐसे हुई मौत, इसी साल होना था रिटायरमेंट
तेलीबाग निवासी 59 वर्षीय रामसागर चारबाग रेलवे स्टेशन पर सीनियर टेक्नीशियन (एसी) पद पर कार्यरत थे। बृहस्पतिवार दोपहर ट्रेन संख्या 14219 वाराणसी लखनऊ इंटरसिटी प्लेटफॉर्म नम्बर छह सुबह 11.25 बजे पहुंची। जहां से इंजन की रिवर्सिंग होनी थी और ट्रेन को 14220 लखनऊ वाराणसी इंटरसिटी बनकर दोपहर 12.55 बजे रवाना होना था।
ट्रेन की रुटीन चेकिंग को रामसागर प्लेटफॉर्म पर पहुंचे। जांच के दौरान वह एसी चेयरकार सी-1 की बोगी तक पहुंचे और बेल्ट वगैरह जांचने लगे। इसी दौरान ट्रेन चली दी। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाते, वह ट्रेन की चपेट में आ गए।
स्टेशन डायरेक्टर सुदीप सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज नहीं मिल सके। ट्रेन संख्या 14220 लखनऊ वाराणसी इंटरसिटी रोजाना लेट आ रही थी। पर, बृहस्पतिवार को समय पर रवाना हो गई। रामसागर की पत्नी सावित्री देवी ने बताया कि बीमारी के चलते वह पिछले दस दिन से छुट्टी पर थे।
सुबह भी उन्होंने सुपरवाइजर को फोन कर छुट्टी मांगी थी। पर, उन्हें अवकाश नहीं मिल सका। उन्हें दो सहयोगी दिए जाते थे लेकिन बृहस्पतिवार को अकेले ही भेज दिया गया।