पायलट ने जोखिम में डाल दी राहुल गांधी की जान!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सूर्यकुण्ड तीर्थ मैदान पर अफसरों व कांग्रेस नेताओं की धड़कनें उस वक्त बढ़ गईं। जब विदा लेकर उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद राहुल गांधी का हेलीकॉप्टर फिर हेलीपैड पर उतर आया।
हड़बड़ाए सुरक्षाकर्मी दौड़ते हुए हेलीकॉप्टर के पास पहुंच गए। बाद में पता चला कि हेलीकॉप्टर का दरवाजा ठीक से बंद नहीं हुआ था। इस वजह से सुरक्षा के मद्देनजर पायलट ने हेलीकाप्टर को दोबारा उतार दिया था।
बाद में दरवाजे को ठीक से बंद किया गया। आश्वस्त होने के बाद पायलट ने फिर से उड़ान भरी। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान अफसरों व कांग्रेसी नेताओं की सांसें अटकी रहीं।
हेलीकॉप्टर के दोबारा उड़ान भरकर आंखों से ओझल होने के बाद सबने राहत की सांस ली।
राहुल बोले विचारधारा की लड़ाई है
गौरतलब है कि कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी इन दिनों जोर शोर से पार्टी के लिए प्रचार कर रहे हैं। इसके लिए आज वह हरगांव के सूर्यकुण्ड तीर्थ मैदान में थे।
राहुल ने विपक्षियों पर जमकर हमला बोलते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव दो विचारधाराओं की लड़ाई है।
उन्होने कहा कि इस जंग में एक ओर कांग्रेस की जनहित वाली विचारधारा है तो दूसरी तरफ विरोधी दलों की पूंजीपति हितैषी विचारधारा है।
हम हिंदुस्तान को खुशहाल बनाना चाहते हैं जबकि विरोधी महज सत्ता के लिए लोगों को बरगला रहे हैं।
गिनाई उपलब्धियां
राहुल ने कहा कि गैर कांग्रेसी सरकारों की तुलना में हमने उनसे तीन गुना ज्यादा सड़कें बनवाईं। भोजन का अधिकार दिया, लोगों को गांव में ही रोजगार मुहैया कराने के लिए मनरेगा दी।
यही नहीं बिजली और पानी के भी बेहतर इंतजाम किए। कहा कि कुछ माह पहले मेहनतकश लोगों के साथ चर्चा में यह बात सामने आई कि इलाज महंगा होने की वजह से गरीब दवा नहीं करा पाता।
उन्होंने कहा कि यदि इस बार फिर केन्द्र में कांग्रेस की सरकार बनी तो गरीबों को मुफ्त इलाज मुहैया कराया जाएगा।
उन्होंने गरीब तबके के लोगों को मध्यम वर्ग में शामिल कराने का वादा भी किया। उन्होंने कहा कि ये महज चुनावी वादा नहीं है, वे इसे पूरा करेंगे।
सपा बसपा ने बर्बाद किया यूपी
सपा, बसपा पर हमला बोलते हुए राहुल गांधी ने कहा कि यूपी में पहले बसपा की सरकार थी। अब सपा की है। यहां का हाल सबके सामने है।
केन्द्र सरकार गन्ना किसानों के लिए पैसा भेजती है, विकास के लिए पैसा भेजती है लेकिन उसका पूरा उपयोग नहीं किया जाता।
सड़कें बनतीं है, लेकिन तीन महीने में ही उखड़ने लगती हैं।
मोदी पर साधा निशाना
भाजपा को निशाने पर लेते हुए उन्होंने कहा कि मोदी कहते हैं उन्हें देश का चौकीदार बना दो।
वह कैसी चौकीदारी करते हैं, इसका अंदाजा गुजरात को देखकर लगाया जा सकता है। गुजरात में फैक्ट्री के नाम पर हजारों किसानों की 43 हजार एकड़ जमीन महज एक रुपया प्रति मीटर के हिसाब से एक पूंजीपति को जबरन दिला दी गई।
आज तक उस जमीन पर फैक्ट्री नहीं लगी। एक उद्योगपति को फायदा पहुंचाने के लिए हजारों किसानों को बर्बाद कर दिया गया।
मेड इन धौरहरा
राहुल गांधी ने अपने संबोधन में कहा कि वे धौरहरा क्षेत्र का विकास चाहते हैं। उनकी इच्छा है कि यहां इतना विकास हो कि आज जिन चीजों पर ‘मेड इन जापान’ लिखकर आता है, उन पर एक दिन ‘मेड इन धौरहरा’ लिखकर आए। इसके लिए सही प्रतिनिधित्व की जरूरत है।