तीन साल में 23 लाख रुपये बढ़ी योगी की सम्पत्ति, सीएम से ज्यादा मालदार हैं डिप्टी सीएम केशव
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से ज्यादा अमीर हैं। विधान परिषद के लिए नामांकन भरते समय उनकी सम्पत्ति का खुलासा हुआ।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की संपत्ति तीन साल में 23.81 लाख रुपये बढ़ गई। उन्होंने मंगलवार को विधान परिषद सदस्य के लिए नामांकन के साथ जो शपथ पत्र दाखिल किया उसमें अपनी कुल संपत्ति 95.98 लाख रुपये दिखाई है। जबकि 2014 के लोकसभा चुनाव में उनकी कुल संपत्ति 72.17 लाख रुपये ही थी। मुख्यमंत्री के पास अपनी कोई अचल संपत्ति नहीं है। हालांकि उनके पास एक रिवाल्वर व एक रायफल है। वे एक टोयटा फारचूनर और इनोवा कार के मालिक हैं।
वर्ष 2017--वर्ष 2014
नकद-22,000 रुपये--30,000 रुपये
बैंक खाते में-47.93 लाख--23.26 लाख
डाकघर-46.72 लाख--9.96 लाख
जेवर-75 हजार--65 हजार
मोबाइल सैमसंग-12 हजार--मोबाइल-सैमसंग-18 हजार
रिवाल्वर-एक लाख--रिवाल्वर-एक लाख
रायफल-80 हजार--रायफल-80 हजार
पेट्रोल पंप के साथ दो कंपनियों के मालिक हैं केशव मौर्य
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य करीब 7.58 करोड़ रुपये की संपत्ति के मालिक हैं। उनके पास अपना पेट्रोल पंप कामधेनु फिलिंग स्टेशन के साथ ही दो और कंपनियां कामधेनु सप्लायर्स व कामधेनु कृषि ट्रेडिंग प्राइवेट लिमिटेड हैं।
केशव की पत्नी राजकुमारी देवी भी दो कंपनियों कामधेनु लॉजिस्टिक व कामधेनु कृषि ट्रेडिंग में डायरेक्टर हैं। पत्नी जीवन ज्योति क्लीनिक एंड हॉस्पिटल में पार्टनर हैं। उनका बेटा योगेश मौर्य भी एक कंस्ट्रक्शन कंपनी का मालिक, दो कंपनियों का डायरेक्टर व एक हॉस्पिटल में पार्टनर है। 2014 में केशव मौर्य की कुल संपत्ति 9.32 करोड़ रुपये थी।
मौर्य के पास कुल चल संपत्ति 25.58 लाख रुपये की है। पत्नी के पास 32.40 लाख और बेटे योगेश के पास 14.90 लाख की संपत्ति है। केशव के पास 5.60 करोड़ की अचल संपत्ति है जबकि पत्नी के पास 1.25 करोड़ की जमीन जायदाद है। मौर्य ने अपने ऊपर कुल सात मुकदमों का जिक्र किया है। यह वे मामले हैं जिनमें न्यायालय ने संज्ञान लिया है।
करीब तीन करोड़ के मालिक हैं दिनेश शर्मा
उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा करीब तीन करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति के मालिक हैं। उनके पास नकदी तो 35 हजार रुपये ही है लेकिन चल संपत्ति 66.70 लाख और अचल संपत्ति 2.26 करोड़ रुपये की है।
डॉ. शर्मा के नाम पर चार बैंक खाते हैं। इसके अलावा एक पीपीएफ व एक एफडी अकाउंट है। इनमें करीब 18 लाख रुपये हैं। उनकी पत्नी के नाम कुल 14 बैंक खाते हैं। इनमें छह एफडी व एक पीपीएफ अकाउंट है। दिनेश शर्मा के पास 1987 मॉडल की एक मारुति 800 कार है।
उनके पास 1983 मॉडल का एक एलएमएल वेस्पा स्कूटर भी है। डॉ. शर्मा की पत्नी के पास 7.50 लाख रुपये का 250 ग्राम सोना है। चांदी भी 2.70 किलो है। इसका बाजार मूल्य 1.35 लाख है। इसके अलावा दो डायमंड सेट 13.50 लाख रुपये के हैं। उप मुख्यमंत्री के पास एक लाख मूल्य की लाइसेंसी रिवाल्वर भी है।
मोहसिन रजा भी हैं 1.50 करोड़ के मालिक
विज्ञान प्रौद्योगिकी व मुस्लिम वक्फ राज्यमंत्री मोहसिन रजा करीब 1.50 करोड़ रुपये की संपत्ति के मालिक हैं। इनके पास चल संपत्ति 54.51 लाख रुपये है। मंत्री के पास एक रिवाल्वर है जबकि इनकी पत्नी के पास डबल बैरल बंदूक है।
मोहसिन रजा फारचूनर गाड़ी के मालिक हैं जबकि पत्नी के पास इनोवा है। 22 तोले सोने के गहने भी हैं। इसकी कीमत 6.50 लाख रुपये है। मंत्री के पास 95 लाख रुपये की अचल संपत्ति भी है। इनमें 50 लाख की संपत्ति मोहसिन रजा के नाम पर है जबकि 45 लाख की संपत्ति उनकी पत्नी के नाम है।
स्वतंत्र देव के पास है 1.33 करोड़ की संपत्ति
परिवहन मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के पास कुल 1.33 करोड़ रुपये की संपत्ति है। उनके पास आठ लाख रुपये से अधिक नकद है। कुल चल संपत्ति 22.84 लाख रुपये की है। उनके व उनकी पत्नी कमला के पास कोई भी वाहन नहीं है।
स्वतंत्र देव के पास 63 हजार रुपये के सोने के जेवर हैं। पत्नी के पास 1.88 लाख रुपये के जेवर हैं। स्वतंत्र देव के पास 30 लाख व उनकी पत्नी के पास 80 लाख रुपये की अचल संपत्ति है।